कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू, घर का सामान जला
संवाद न्यूज एजेंसी
सोहना। वार्ड नंबर दो स्थित धुनेला के सिग्नेचर ग्लोबल शहनाज सोसाइटी के फ्लैट में शाॅर्ट सर्किट से आग लग गई। आग फ्लैट की चौथी मंजिल पर लगी। आग लगने की सूचना मिलने पर विभागीय टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक फ्लैट में रखा कीमती सामान जल गया।
बृहस्पतिवार की रात को करीब 9 बजे फ्लैट नंबर 406 में अचानक आग लग गई। आग लगने से फ्लैट में रह रहे लोगों में अफरातफरी मच गई। आग लगने की सूचना तुरंत ही भोंडसी पुलिस व अग्निशमन विभाग को दी गई। सूचना मिलने पर विभागीय टीम मौके पर पहुंच गई। टीम ने आग बुझाने में दो गाड़ियों का इस्तेमाल किया। अन्य फ्लैटों पर चढ़कर दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। अग्निशमन विभाग के कर्मचारी जयबीर भड़ाना के अनुसार शाॅर्ट सर्किट की वजह से ही आग लगने की प्रबल संभावना है।