कांग्रेस नेता राज बब्बर ने एक्स पर सरकार को घेरा
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। कांग्रेस नेता और फिल्म अभिनेता राज बब्बर ने भी हरियाणा सरकार पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि सरकार के पास संसाधनों की कमी नहीं, बस बंद पड़े डबल इंजन को ऑन करने की जरूरत है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर सरकार को कटघरे में लिया है।
गुड़गांव लोकसभा सीट से साल 2024 में चुनाव लड़ चुके कांग्रेस नेता राज बब्बर ने चुनाव के दौरान शहर को देखा और जाना है। उन्होंने रविवार रात एक्स पर लिखा कि हर साल शहर में तैरती गाड़ियां, ट्रैफिक जाम व जल निकासी न होने से घरों में पानी भर जाने की इस तस्वीर की कुछ वजहें बताता हूं। न्यू गुरुग्राम के सेक्टर-99 से 115 में मास्टर स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज की अधूरी परियोजना है। इसके अलावा सेक्टर-37सी की कुछ सोसाइटी व कई सेक्टर में सीवर ओवरफ्लो की समस्या है।
राज बब्बर आगे लिखते हैं कि जमीन अधिग्रहण विवाद के कारण शहर और ग्रामीण गुरुग्राम में कई जगहों पर सीवर लाइन नहीं बनने से जलभराव होता है। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम की बदहाली की समस्या की वजहें और गिना सकता हूं। कांग्रेस नेता ने कहा कि मेरे हाथ बंधे हुए हैं लेकिन सार्वजनिक मंच पर गुरुग्राम की इस बदहाली का मजाक उड़ाते देख बहुत दुख होता है। उन्होंने लिखा कि जादू की छड़ी की जरूरत नहीं है, सिर्फ ईमानदार प्रयासों से बहुत कुछ किया जा सकता है जो सालों नहीं, दशकों से नहीं किया जा रहा। मेरी अपील है जो हुआ वो हुआ, अब अगले बरसात की तैयारी अभी से की जाए।