संवाद न्यूज एजेंसी
होडल। शहर के पुराने जीटी रोड पर स्थित एसबीआई बैंक शाखा से एक उपभोक्ता के बैग से 60 हजार रुपये चोरी होने का मामला सामने आया हैं। चोरी की घटना के बाद पीड़ित उपभोक्ता ने जब बैंक मैनेजर से शिकायत की तो बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरा में दो युवक रुपयों को चोरी करते दिखाई दिए। पीड़ित ने मामले की शिकायत थाना पुलिस को दी पुलिस ने शिकायत के आधार पर दो अज्ञात युवकों के खिलाफ बैंक से पैसे चोरी करने का केस दर्ज किया है।
थाना प्रभारी सोमपाल सिंह ने बताया कि,शहर निवासी तेजवीर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपनी मां के साथ एसबीआई बैंक से पैसे निकालने गए थे। उन्होंने बैंक से 60 हजार रुपये निकाले और उन्हें अपने बैग में रख लिया। पैसे बैग में रखने के बाद वह अपनी पासबुक लेने के लिए बैंक काउंटर पर गए। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति उनके बैग से 60 हजार रुपये चुरा लिए। जब तेजवीर को चोरी का पता चला तो उन्होंने बैंक में शोर मचाया, जिससे बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही बैंक अधिकारियों ने तुरंत सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए, जो चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद बैंक से फरार हो गए थे। बैंक प्रबंधन ने फुटेज पुलिस को सौंप दी है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर होडल थाना पुलिस ने दो अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।