- फोन न उठाने पर जानकार युवती देर शाम पहुंची कमरे पर, अंदर से दरवाजा बंद मिला
गुरुग्राम। मानेसर थाना के अंतर्गत नाहरपुर गांव में किराये पर रहने वाले युवक ने शुक्रवार को फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक द्वारा फोन न उठाने पर पूर्व में साथ काम करने वाली युवती देर शाम 8 बजे कमरे पर पहुंची। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। उसने खिड़की से अंदर झांककर देखा तो युवक का शव फंदे पर लटकता दिखाई दिया। युवती ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही मानेसर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने एफएसएल व फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों से कमरे का निरीक्षण कराया। कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। मृत युवक की पहचान सुल्तानपुर (उत्तर प्रदेश) गोरा बारामऊ गांव निवासी धर्मराज (24) के रूप में हुई है। पुलिस की जांच में सामने आया है कि वह पूर्व में साथ काम करने वाली शादीशुदा युवती से बातचीत करता था। बृहस्पतिवार की रात को मृतक ने युवती से बात की थी।
जांच अधिकारी एएसआई विकास ने बताया कि शनिवार को पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। युवती से भी पूछताछ की गई है। युवती कई बार मृत युवक के कमरे पर आती थी। मोबाइल का रिकॉर्ड खंगालने के बाद ही मामले में कुछ जानकारी मिल सकती हैं। ब्यूरो