करीब 80 फीसदी काम पूरा,
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। साल बीत जाने के बाद भी शहरवासियों के लिए नया अस्पताल मिलना अब भी एक सपना नजर आ रहा है। सेक्टर-10 में 100 बेड़ वाले अस्पताल का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है लेकिन इसे पूरा होने में अभी एक साल और समय लगेगा। अस्पताल प्रशासन को नई इमारत मार्च 2027 तक सौंपी जाएगी, जिसके बाद शहरवासियों को आधुनिक सुविधाओं वाला नया अस्पताल मिल सकेगा। पीडब्ल्यूडी ने इस वर्ष मार्च में पांचवीं मंजिल के निर्माण के लिए टेंडर खोले थे। चार फ्लोर के अस्पताल का करीब 80 फीसदी निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। वहीं, पांचवीं मंजिल पर आईसीयू बनाने का काम जारी है। इस नई इमारत में मरीजों के लिए बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
रोजाना पहुंचते हैं दो हजार से 2500 मरीज
अस्पताल में रोजाना 2500 से ज्यादा लोगों ओपीडी में पहुंचते हैं और 200 से ज्यादा भर्ती रहते हैं। इसके अलावा इमरजेंसी समेत अन्य जांचों के लिए मरीजों की भारी भीड़ लगी रहती है। बेड के अभाव के चलते मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। विश्राम गृह न होने के कारण मरीजों के साथ तीमारदार को ठंड में बाहर हाॅल में ही सोना पड़ता है।
दोबारा तैयार की गई थी डीपीआर
निर्माणाधीन ब्लॉक की नई डीपीआर में पांचवीं मंजिल शामिल की गई है, जिसमें 32-बेड आईसीयू और सेंट्रलाइज्ड एयर कंडीशन की योजना है। पहली डीपीआर में केवल चार मंजिल बनाना प्रस्तावित था लेकिन संचालित बिल्डिंग में आईसीयू के लिए जगह न होने के कारण उच्च स्तर पर फिर योजना बनाई गई और डीपीआर फिर से तैयार की गई थी। इस वजह से भी निर्माण कार्य में देरी हो गई है।
-
अस्पताल में नई इमारत का निर्माण कार्य जारी है। इसमें आधुनिक सुविधाओं सहित आईसीयू और सेंट्रलाइज्ड एयर कंडीशन की व्यवस्था की जा रही है। निर्माण दिसंबर 2026 या फरवरी 2027 तक पूरा होने की उम्मीद है, जिससे मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी। -
डाॅ. लोकवीर, पीएमओ, नागरिक अस्पताल