27.60 करोड़ रुपये में ठेका, 115 वाहनों से शुरू हुई डोर-टू-डोर कचरा उठाने की व्यवस्था
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। जिस कंपनी पर साल 2021 में काम में अनियमितताओं को लेकर 10 लाख का जुर्माना लगा, उसे ही नगर परिषद ने दोबारा शहर की सफाई व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी है। उक्त कंपनी को ब्लैकलिस्ट करने की मांग भी उस समय पार्षदों की बैठक में उठी थी, हालांकि बाद में ब्लैकलिस्ट नहीं हुई। कंपनी ने बृहस्पतिवार से काम संभाल लिया। सेक्टर-2 हुडा ग्राउंड से खेल राज्य मंत्री एवं पलवल विधायक गौरव गौतम और नगर परिषद चेयरमैन डॉ. यशपाल ने हरी झंडी दिखाकर सफाई करने वाले 115 वाहनों को रवाना किया।
नई व्यवस्था के तहत कंपनी को शहर में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण से लेकर कचरे को प्रोसेसिंग स्थल तक पहुंचाने की जिम्मेदारी दी गई है। इसके लिए 63 एलसीवी, 48 ई-रिक्शा, तीन ट्रैक्टर और एक जेसीबी समेत 115 वाहन लगाए गए हैं। इनके संचालन के लिए चालकों और हेल्परों की व्यवस्था भी की गई है।
-
पांच साल तक घर-घर से उठेगा कचरा
नगर परिषद के चेयरमैन डॉ. यशपाल ने कहा कि नई व्यवस्था के तहत पांच साल तक घर-घर से कचरा उठेगा। इसका उद्देश्य घर से कचरा संग्रहण, कचरे का पृथक्करण, व्यवस्थित परिवहन और प्रोसेसिंग तक पूरी व्यवस्था को मजबूत करना है। उन्होंने शहरवासियों से गीला और सूखा कचरा अलग-अलग रखने की अपील की। खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि स्वच्छ शहर के लिए प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों को मिलकर काम करना होगा।
-
कंपनी को प्रतिस्पर्धी दरों के आधार पर उच्च स्तर के विभाग द्वारा टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से काम सौंपा गया है। नगर परिषद की ओर से निर्धारित प्रक्रिया के तहत काम कराया जा रहा है। - मनोज, एक्सईएन