बारिश के बाद पानी जमा होने से अधिक खतरा, नागरिक अस्पताल में बढ़े बुखार के मरीज
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। मिलेनियम सिटी में बारिश होने से विभिन्न इलाकों में पानी जमा होने से डेंगू खतरा बढ़ गया है। मच्छर जनित बीमारियों के मामले आने भी शुरू हो गए हैं लेकिन जिले में फॉगिंग सिर्फ आदेश तक ही सिमट कर रह गई है। जिले में अब तक डेंगू के सात मामले मिल चुके हैं। इसके बावजूद जिले में फॉगिंग नहीं की जा रही है।
मानसून की शुरुआत से ही डेंगू के मामलों में बढ़ोतरी को देखते हुए स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने सभी लोगों को मच्छरों के प्रजनन को रोकने और डेंगू-मलेरिया से बचाव के लिए प्रयास करते रहने की सलाह दी है। सेक्टर-57 के आरडब्ल्यूए प्रधान रोशन लाल यादव ने बताया कि बारिश होने के बाद कम से कम एक बार फाॅगिंग होना जरूरी होता है। इस साल अब तक एक बार भी फॉगिंग का छिड़काव नहीं किया गया है। वहीं, सेक्टर-41 के दिनेश चालिया ने बताया कि इसके लिए संबंधित विभाग को छिड़काव कहा गया है, जिससे लार्वा न पनपने पाए।
20 प्रतिशत बुखार के मरीज बढ़े
सेक्टर-10 स्थित नागरिक अस्पताल में बुखार व खांसी के मरीजों में इजाफा देखने मिल रहा है। सामान्य दिनों के मुताबिक वर्तमान में 20 प्रतिशत मरीज बुखार के बढ़ गए हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, जिले में अब तक कुल सात डेंगू व चार मलेरिया के मामले सामने आ चुके हैं। सोमवार को 22 लोगों की डेंगू की जांच की गई थी, अब तक 1,301 लोगों की जांच की जा चुकी है। विभाग की ओर से सोमवार को 10,758 घरों में जांच की गई थी, इस दौरान 260 लोगों में डेंगू की जांच की गई। टीम द्वारा 177 लोगों को नोटिस थमाया गया है।
-
शहर में फॉगिंग के छिड़काव के लिए जरूरत की दवाइयां नगर निगम को उपलब्ध करा दी गई हैं। साथ ही लोगों से हफ्ते में एक दिन ड्राई डे मनाने के लिए कहा जा रहा है। -
विकास स्वामी, जिला मलेरिया अधिकारी