एक ही प्रॉपर्टी को 100 से अधिक लोगों को बेचकर 500 करोड़ रुपये से अधिक का फ्रॉड किया
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। करोड़ों की ठगी के मामले में गिरफ्तार 32 एवेन्यू के निदेशक ध्रुव दत्त शर्मा की निशानदेही पर आर्थिक अपराध शाखा की टीम ने गोवा में उसके फार्महाउस में छापा मारा। उसे लेकर आर्थिक अपराध शाखा की टीम वापस आ रही है, जो आज सुबह गुरुग्राम पहुंचेगी।
पुलिस को छानबीन के दौरान पता चला है कि ठगी के पैसे से आरोपी गोवा में अपना साम्राज्य स्थापित करना चाहता था। उसने गोवा एयरपोर्ट के पास सैकड़ों एकड़ जमीन खरीदी थी। बताया जा रहा है कि इसमें ठगी के पैसे का इस्तेमाल हुआ है। पुलिस उस प्रॉपर्टी को मुकदमे में अटैच करना चाहती है। आरोप है कि निदेशक ने पिछले चार साल के दौरान एक ही प्रॉपर्टी को 100 से अधिक लोगों को बेचकर 500 करोड़ रुपये से अधिक का फ्रॉड किया। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर छह दिन के रिमांड पर लिया है।
नीमराना में जमीन के कागजात की होगी जांच
ठगी के आरोपी की ओर से गोवा के साथ राजस्थान के नीमराना में जमीन खरीदने की बात सामने आई है। बुधवार को वापस आने के बाद उसे लेकर राजस्थान जाएगी। आरोपी छह दिन की पुलिस रिमांड पर लिया है। पुलिस रिमांड पूरी होने के बाद बृहस्पतिवार शाम तक अदालत में पेश करेगी।
आर्थिक अपराध शाखा की टीम सभी पहलू पर जांच कर रही है। ठगी के पैसे से गोवा में खरीदी गई जमीन के कागजात बरामद कर चुकी है। पुलिस आरोपी को लेकर बुधवार की सुबह गुरुग्राम पहुंचेगी । - सतीश कुमार इंस्पेक्टर प्रभारी आर्थिक अपराध शाखा दो, गुरुग्राम।