संचालक को गिरफ्तार, कोई परमिशन तक नहीं मिली, छह प्रतिबंधित हुक्का में इस्तेमाल होने वाले फ्लेवर भी बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सीएम फ्लाइंग की टीम ने सेक्टर-109 स्थित कोन्सैट मॉल के दूसरे फ्लोर पर स्थित इलाइट रोक्सी-15 क्लब में छापेमारी कर प्रतिबंधित फ्लेवर हुक्का पिलाने का खुलासा किया है। टीम ने मौके से छह फ्लेवर के नशीले पदार्थ भी बरामद किए हैं। वहीं क्लब संचालक से जब परमिशन आदि के कागजात मांगे तो कोई भी कागजात नहीं दिखा सका। बजघेड़ा थाना पुलिस आरोपी संचालक के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया है।
मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की टीम को सूचना मिली कि सेक्टर-109 स्थित रोक्सी क्लब-15 में प्रतिबंधित हुक्का पिलाया जा रहा है। जिस पर सीएम फ्लाइंग में इंस्पेक्टर सुरेश चंद्र व सब इंस्पेक्टर हरीश कुमार की अगुवाई में छापेमारी की गई। जहां मौके पर क्लब के संचालक बैरमपुर निवासी इंद्रपाल भाटी मिला। इसके बाद क्लब के अंदर दो व्यक्ति फ्लेवर हुक्का पीते मिले। क्लब संचालक से जब लाइसेंस व परमिट आदि की मांग की तो कोई कागजात नही दिखा सके। वहीं मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की शिकायत पर बजघेड़ा थाना पुलिस ने बिना लाइसेंस के हुक्का बार व हुक्का फ्लेवर चलाकर कोटपा एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। वहीं इस टीम द्वारा छह फ्लेवर भी बरामद किए हैं।