पीडब्ल्यूओ अपार्टमेंट के पास सड़क पर पसरा अंधेरा
संवाद न्यूज एजेंसी
बादशाहपुर। सेक्टर-43 स्थित पीडब्ल्यूओ अपार्टमेंट के पास सड़क पर लगी स्ट्रीट लाइटें लंबे समय से नहीं जलने के कारण सूरज डूबते ही अंधेरा छा जाता है। सड़क पर पर्याप्त रोशनी नहीं होने से यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों को हेडलाइट के सहारे रास्ता तय करना पड़ रहा है। अंधेरे के कारण सड़क पर सामने से आने वाले वाहन, पैदल राहगीर और साइकिल सवार स्पष्ट दिखाई नहीं देने से हादसे की आशंका बनी रहती है।
स्थानीय निवासी पंकज बिस्यान का कहना है कि रात के समय सड़क के अंधेरे हिस्से में अचानक कोई साइकिल सवार, रेहड़ी या पैदल व्यक्ति सामने आ जाए तो वाहन चालक के लिए उसे समय रहते देख पाना मुश्किल हो जाता है। इससे टक्कर होने की आशंका बनी रहती है। खासकर बुजुर्गों और बच्चों के लिए सड़क पार करना भी जोखिम भरा हो जाता है। वहीं पगडंडियों पर चल पाना भी संकट भरा मालूम हो रहा है। उन्होंने कहा कि जब सड़क पर आवाजाही लगातार जारी है तो रोशनी की व्यवस्था भी दुरुस्त रहनी चाहिए।