खराब उपकरण होने पर कारण भी करना होगा ऑनलाइन दर्ज
13 जुलाई अपडेट करने की अंतिम तिथि
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। जिले के सभी सरकारी स्कूलों को अब अपने यहां उपलब्ध डिजिटल उपकरणों का पूरा रिकॉर्ड ऑनलाइन अपडेट करना होगा। शिक्षा निदेशालय ने जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि स्कूल 13 जुलाई तक एमआईएस पोर्टल पर उपलब्ध नए ऑनलाइन मॉड्यूल में डिजिटल उपकरणों की संख्या और उनकी कार्यशील स्थिति की जानकारी दर्ज करें।
स्कूलों को कंप्यूटर, आईसीटी लैब, इंटरैक्टिव डिजिटल बोर्ड, स्मार्ट एलईडी टीवी, प्रोजेक्टर, प्रिंटर, स्कैनर, यूपीएस, इनवर्टर, जनरेटर, टैबलेट और सीसीटीवी कैमरों सहित सभी उपकरणों का विवरण देना होगा। इसके साथ ही यह भी बताना होगा कि कितने उपकरण उपयोग में हैं, कितने खराब हैं और कितने उपलब्ध होने के बावजूद इस्तेमाल नहीं किए जा रहे हैं। यदि कोई उपकरण खराब है या उपयोग में नहीं है तो उसका कारण भी दर्ज करना अनिवार्य होगा। शिक्षा निदेशालय ने जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सरकारी स्कूल समय सीमा के भीतर ही एमआईएस पोर्टल पर अपलोड करें।
-
शिक्षा निदेशालय के निर्देशों के अनुसार जिले के सभी सरकारी स्कूलों को 13 जुलाई तक एमआईएस पोर्टल पर डिजिटल उपकरणों का पूरा विवरण अपलोड करने के निर्देश दे दिए हैं। साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी स्कूलों को जानकारी अपडेट करनी होगी, ताकि विभाग के पास डिजिटल संसाधनों का सही रिकॉर्ड उपलब्ध हो सके। - इंदू बोकन, जिला शिक्षा अधिकारी गुरुग्राम