नागरिक अस्पताल के नेत्र रोग विभाग में रोजाना पहुंच रहे 10 से 12 मरीज
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। बढ़ती धूप और तेज गर्मी के चलते बीके नागरिक अस्पताल के नेत्र रोग विभाग में इन दिनों आंखों से जुड़ी समस्याओं के मरीजों की संख्या बढ़ गई है। सूरज की तपिश से लोगों की आंखों में परेशानी हो रही है। यही वजह है कि बड़ी संख्या में लोग आंखों में जलन, लालिमा, चुभन और पानी आने की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंच रहे हैं। चिकित्सकों का कहना है कि तेज धूप और गर्म हवाओं के प्रभाव से आंखों में असहजता बढ़ रही है।
नेत्र रोग विभाग में रोजाना करीब 10 से 12 मरीज ऐसे पहुंच रहे हैं, जिन्हें लंबे समय तक धूप में रहने के बाद आंखों में जलन, पानी आना और रोशनी से परेशानी जैसी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मरीजों के अनुसार, दोपहर के समय बाहर निकलने पर समस्या अधिक बढ़ जाती है।
एसी नगर के रहने वाले अनुराग सिंह ने बताया कि दो दिन पहले जब वह काम पर जाने के लिए निकले थे, तभी उनकी आंखों में जलन शुरू हो गई। उन्होंने बताया की आंखों में लगातार खुजली भी हो रही है। साथ ही लालिमा बनी हुई है। वहीं, गांव बल्लभगढ़ निवासी हर्षित ने कहा कि आंखों में लगातार चुभन और पानी आने की समस्या के कारण उन्हें डॉक्टर को दिखाना पड़ा।
नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. संगीता गोयल ने बताया कि इन दिनों तेज धूप में बाहर निकलने के कारण आंखों पर असर पड़ रहा है, जिससे जलन, दर्द और पानी आने जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि समय रहते सावधानी बरतना जरूरी है, ताकि परेशानी बढ़ने से रोकी जा सके।
चिकित्सक की सलाह
तेज धूप में बाहर निकलते समय सावधानी बरतें।
आंखों में खुजली या लालिमा होने पर उन्हें मसलने से बचें।
धूप में निकलते समय अच्छी गुणवत्ता वाले धूप के चश्मे का उपयोग करें।
अधिक समय तक धूप में रहने से बचें और परेशानी होने पर तुरंत चिकित्सक से परामर्श लें।