जीएमडीए ने तैयार की योजना, निजी कंपनी की मदद भी लेगा
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। प्रदूषण की वजह से अक्सर सुर्खियों में रहने वाली साइबर सिटी हरी-भरी होगी। सड़कों के सेंट्रल वर्ज व ग्रीनबेल्ट फूलदार पौधे खुशनुमा होंगी। इसके लिए गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ने इस वित्त वर्ष में 10 लाख पौधे लगाने की योजना बनाई है। इसमें सीएसआर के तहत निजी कंपनियों की मदद ली जाएगी।
नगर निगम और वन विभाग भी पौधे लगाएंगे। इसके लिए संबंधित विभागों की ओर से कदम उठाए जा रहे हैं। जीएमडीए ने इस साल दस लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा है। जीएमडीए के शहरी पर्यावरण शाखा ने कार्य योजना तैयार की है। शहरी पर्यावरण शाखा के अनुसार पांच लाख पौधे निजी कंपनियों की मदद से सीएसआर के तहत लगवाया जाएगा जबकि पांच लाख जीएमडीए खुद लगवाएगा। हालांकि जीएमडीए ने इसके लिए अभी टेंडर जारी नहीं किया है। योजना के अनुसार ग्रीन बेल्ट, डिवाइडर और चौक-चौराहों पर पौधे लगाने की तैयारी है। इससे वायु प्रदूषण को कम किया जा सके। जीएमडीए न्यू गुरुग्राम और मास्टर सड़कों के ग्रीन बेल्ट पर पौधरोपण कराने की योजना है।
शीर्ष प्रदूषित शहरों में गुरुग्राम
साइबर सिटी में वायु प्रदूषण गंभीर समस्या है। स्विस कंपनी एक्यूएयर की वर्ल्ड एयर क्वालिटी रिपोर्ट-2024 में दुनिया के शीर्ष प्रदूषित शहरों में गुरुग्राम 10वें स्थान पर रहा था। भारत के सबसे प्रदूषित शहरों की सूची में गुरुग्राम पांचवें स्थान पर था। जहां पर पीएम 2.5 की औसत सांद्रता 87.5 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर है। हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी के अनुसार सर्दियों के मौसम के दौरान प्रदूषण का स्तर बढ़ जाता है, जिसके चलते धुंध की समस्या बनी रहती है।