सीवर लाइन निर्माण कार्य के चलते पुलिस ने जारी की मार्ग परिवर्तन संबंधी एडवाइजरी
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। एमजी रोड स्थित एमडीआई चौक फ्लाईओवर के पास नगर निगम गुुरुग्राम द्वारा सीवर लाइन डाली जाएगी। ऐसे में एमडीआई चौक से सुखराली की ओर जाने वाला रास्ता आगामी 25 दिनों तक बंद रहेगा।
यातायात पुलिस ने एमडीआई से सुखराली की ओर जाने वाले वाहनों के मार्ग परिवर्तन संबंधी एडवाइजरी जारी की है, ताकि वाहन चालकों को अपने गंतव्य की ओर जाने में परेशानी न हो। एमडीआई चौक से सुखराली की ओर जाने वाली सड़क पर सीवर लाइन डालने का काम होने से गुरुग्राम शहर व कटारिया चौक से सुखराली की ओर जाने वाले वाहनों को एमडीआई चौक फ्लाईओवर के नीचे से दिल्ली-जयपुर हाईवे (एनएच-48) की ओर जाकर वहां से इफको चौक की ओर जाकर अपने गंतव्य की ओर जा सकेंगे। एमडीआई चौक फ्लाईओवर के नीचे सुखराली की ओर जाने वाले यू-टर्न को भी निर्माण कार्य के दौरान बंद रखा जाएगा। ऐसे में जो वाहन सुखराली की ओर से एमडीआई चौक फ्लाईओवर के नीचे से यू-टर्न लेना चाहते हैं, उन वाहनों को सुखराली के रास्ते एमडीआई चौक के ऊपर बने फ्लाईओवर का इस्तेमाल करके आगे बनी रेड लाइट से पहले यू-टर्न लेकर वापस एमडीआई का प्रयोग करके अपने-अपने गंतव्य स्थान की ओर जाएंगे।
वर्जन
एमडीआई चौक से सुखराली की ओर जाने वाला रास्ता बंद होने के चलते मार्ग परिवर्तित किया गया है। एमडीआई चौक से गुजरने वाले वाहन चालकों को दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं, ताकि उनको अपने गंतव्य के सही रास्ते का पता चल सके और वे बिना परेशानी परिवर्तित मार्ग से निकल सकें।
-विकास वर्मा, यातायात पुलिस प्रवक्ता