बाइक राइडर्स के साथ संवाद और जागरूकता बैठक में बोले पुलिस उपायुक्त
नंबर गेम - 60 बाइक राइडर्स दिल्ली-एनसीआर से हुए शामिल
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। पुलिस ने क्षेत्र में हाल ही में हुई सड़क दुर्घटनाओं के मद्देनजर रविवार को बाइक राइडर्स के साथ एक विशेष संवाद और जागरूकता बैठक आयोजित की। ग्वाल पहाड़ी चौकी के पास विभिन्न कैफे में आयोजित इस बैठक में दिल्ली, गुरुग्राम, नोएडा और फरीदाबाद से आए करीब 60 बाइक राइडर्स ने हिस्सा लिया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने समझाया कि स्पीड से नहीं, सुरक्षित ड्राइविंग तथा जागरूक रहने से राइड पूरी होगी। साथ ही कहा कि सड़क सुरक्षा नियम तोड़ने वाले बाइकर्स के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है और आगे भी सख्ती बरती जाएगी।
बैठक के दौरान पुलिस उपायुक्त (पूर्व एवं यातायात) संदीप कुमार, सहायक पुलिस आयुक्त (डीएलएफ) विष्णु प्रसाद और थाना प्रबंधक (डीएलएफ फेज-1) निरीक्षक मनोज कुमार ने राइडर्स से सीधा संवाद किया। अधिकारियों ने उन्हें सुरक्षित और जिम्मेदार ड्राइविंग के महत्व के बारे में विस्तार से समझाया। बाइक राइडर्स को निर्धारित गति सीमा का अनिवार्य रूप से पालन करने और सड़क पर लेन ड्राइविंग के नियमों को मानने के निर्देश दिए गए। पुलिस ने तेज गति, लापरवाही और अनावश्यक रूप से अचानक लेन बदलने या जोखिमपूर्ण तरीके से वाहन चलाने से बचने की सख्त सलाह दी।
सड़क पर दूसरों की सुरक्षा भी जरूरी
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क पर सुरक्षित पहुंचना ही किसी भी राइड का सबसे महत्वपूर्ण उद्देश्य है। उन्होंने राइडर्स को निर्देश दिए कि वे अपनी सुरक्षा के साथ-साथ सड़क पर चलने वाले अन्य वाहन चालकों और राहगीरों की सुरक्षा का भी पूरा ध्यान रखें। यातायात नियमों का पालन करके सभी को एक जिम्मेदार सड़क उपयोगकर्ता बनना होगा।
साथी बाइकर्स को जागरूक करने की अपील
पुलिस ने इस संवाद में बाइकर्स से एक विशेष अपील भी की। उन्होंने कहा कि सभी राइडर्स अपने-अपने बाइकिंग समूह और साथी राइडर्स को भी सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करें। पुलिस ने चेतावनी दी कि नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है और आगे भी इसे लेकर पुलिस बेहद सख्त रुख अपनाएगी।