फरीदाबाद। अपराध शाखा एवीटीएस-2 भूपानी की टीम ने अक्तूबर में वाहन चोरी के मामलों में कार्रवाई करते हुए संजीत, मनीष, मुरारी, सन्नी, सुरेंद्र और अल्फेज मोहम्मद को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों से मोटरसाइकिल, स्कूटी और स्कॉर्पियो समेत कुल 17 वाहन बरामद किए गए हैं।
इनमें संजीत और मनीष से चार मोटरसाइकिल बरामद हुईं, जबकि मुरारी से पूछताछ के बाद आठ मोटरसाइकिल मिलीं। पुलिस प्रवक्ता यशपाल के अनुसार, संजीत और मनीष वाहन चोरी करने वाले गिरोह में शामिल थे। वाहन चोरी से संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मुरारी को गिरफ्तार किया। वह बिहार के मधुबनी जिले के राजेग्राम का निवासी है और फिलहाल गांव मवई में रह रहा था। इसके अलावा, पुलिस ने सन्नी से एक मोटरसाइकिल और एक स्कूटी बरामद की। सुरेंद्र और अल्फेज मोहम्मद से एक-एक मोटरसाइकिल मिली। संवाद