हादसे में एक की मौत, पिकअप चालक के खिलाफ मामला दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। बिलासपुर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार पिकअप के अचानक ब्रेक लगाने से पीछे आ रहा ट्राला टकरा गया। ट्राले की खिड़की से गिरने से एक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया।
मृतक के भाई की शिकायत पर पुलिस ने पिकअप चालक के खिलाफ मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है। उत्तर प्रदेश के आगरा निवासी रितिक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका बड़ा भाई भूपेेंद्र सिंह बाबा बिहारी रोड लाइंस कंपनी की गाड़ी चलाता था। वह 26 अप्रैल को ट्राला लेकर पलवल से केएमपी होते हुए मानेसर की ओर जा रहा था। बीते शनिवार की दोपहर लगभग 3.30 बजे ट्राला के आगे चल रही तेज रफ्तार पिकअप के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इससे ट्राला पिकअप से टकरा गया और भूपेंद्र सिंह ट्राला की खिड़की से नीचे गिरकर घायल हो गया। सड़क पर गिरने से लगी चोटों के कारण भूपेंद्र सिंह की मौत हो गई। जांच अधिकारी ओमप्रकाश ने बताया कि पिकअप चालक द्वारा अचानक ब्रेक लगाने से ट्राला टकरा गया। हादसे में ट्राला चालक की मौत हो गई।