गांव कासन में 14 एकड़ में विकसित हो रही झील
अमर उजाला ब्यूरो
मानेसर। अरावली की तलहटी में स्थित गांव कासन में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए नगर निगम द्वारा 14 एकड़ भूमि पर झील का निर्माण किया जा रहा है। झील के पहले चरण का काम लगभग पूरा हो चुका है। दूसरे चरण का काम जल्द ही शुरू कर दिया जाएगा। योजना के पूरा होने पर पर्यटक प्रकृति के बीच सुकून का अनुभव ले सकेंगे। झील में रेस्तरां, मड हाउस और नाव की सवारी का आनंद ले सकेंगे।
नगर निगम आयुक्त आयुष सिन्हा ने गांव कासन स्थित झील का दौरा किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। आयुक्त ने कहा कि इस झील के विकसित होने पर यह मानेसर को पर्यटन की दिशा में पहचान दिलाएगी। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के करीब होने, नेशनल हाईवे-48 और कुंडली-मानेसर-पलवल मार्ग से सीधा जुड़ाव होने के कारण यहां पर्यटकों की भरमार रहेगी।
गांव कासन में बन रही इस झील के पहले चरण में 5 करोड़ 90 लाख रुपये की लागत आई है जबकि दूसरे चरण के निर्माण में भी अनुमानित करीब 6 करोड़ रुपये खर्च करने की योजना है। निगम ने इस झील को एसबीआई कार्ड के सहयोग से विकसित किया है। झील कुल 14 एकड़ भूमि पर फैली हुई है। यहां 10 एकड़ पर साफ पानी भरा है। 4 एकड़ भूमि पर पैदल यात्रा करने के लिए ट्रैक, पार्क आदि विकसित किए गए हैं। पीने के पानी, शौचालयों की व्यवस्था की गई है। बिजली की पूर्ति के लिए सोलर प्लांट स्थापित किया गया है। गंदे पानी को साफ करने के लिए भी जल शोधन यूनिट लगाई की गई है। झील के पानी से बदबू न आए, इसके लिए भी विशेष योजना बनाई गई है। प्रकृति प्रेमियों के लिए यहां तकरीबन 15 प्रकार के फल, फूलदार पौधे लगाए गए हैं। दूसरा चरण पूरा होने पर झील में रेस्तरां, मड हाउस और नाव की सवारी का आनंद ले सकेंगे। इसी के साथ लगती निगम की 25 एकड़ भूमि पर मानेसर नगर निगम की ओर से बायोडायवर्सिटी पार्क विकसित किया जाएगा।