मास्टर ड्रेनेज लाइन से जोड़ने की योजना कागजों में अटकी, मानसून से पहले काम शुरू करने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
बादशाहपुर। सेक्टर-45 स्थित ग्रीनवुड सिटी के ब्लॉक-ए और बी के निवासी आगामी मानसून को लेकर चिंतित हैं। सोसाइटी के प्रवेश और निकास द्वार पर होने वाले जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए नगर निगम द्वारा स्वीकृत परियोजना अब तक शुरू नहीं हो सकी है। लोगों का कहना है कि कागजी योजना ने उन्हें चिंता में डाल दिया है।
आरडब्ल्यूए के अनुसार, मुख्य गेट पर बारिश के दौरान घुटनों तक पानी भर जाता है जिससे लोगों का आवागमन बाधित हो जाता है। समस्या के समाधान के लिए ब्लॉक-ए से एक अंडरग्राउंड ड्रेनेज लाइन बिछाकर उसे मास्टर ड्रेनेज पाइपलाइन से जोड़ने का प्रस्ताव तैयार किया गया था। इस प्रस्ताव को नगर निगम ने जनवरी 2025 में मंजूरी भी दे दी थी और स्वीकृति पत्र जारी कर दिया गया था लेकिन एक वर्ष से अधिक समय बीतने के बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है।
निवासियों का कहना है कि ग्रीनवुड सिटी निचले क्षेत्र में स्थित है, जिसके कारण सेक्टर-44, 45 और 52 से आने वाला बरसाती पानी मुख्य द्वार के पास जमा हो जाता है। इससे सड़कें जलमग्न हो जाती हैं और कई बार वाहनों के इंजन तक खराब हो जाते हैं।
-
लोग बोले- हमें सता रही मानसून की चिंता
नगर निगम द्वारा स्वीकृति मिलने के बाद लोगों को उम्मीद थी कि समस्या का समाधान जल्द होगा लेकिन अब तक कोई कार्य शुरू नहीं हुआ है। मानसून आने वाला है और स्थिति पहले जैसी ही बनी हुई है। -अजीत पूनिया, निवासी ग्रीनवुड सिटी ए ब्लॉक
जलभराव की समस्या को रोकने के लिए विकल्प होने के बावजूद इस पाइप को मास्टर पाइप लाइन से जोड़ा नहीं जा रहा है। हर वर्ष बारिश के दौरान घंटों ट्रैफिक जाम लगता है। -विनोद दहिया, आरडब्ल्यूए अध्यक्ष, ग्रीनवुड सिटी ए ब्लॉक
नगर निगम द्वारा परियोजना को स्वीकृत करने के आदेश देने के बावजूद उन पर अमल न करना प्रशासन की लापरवाही दर्शाता है। प्रशासन से इस कार्य को धरातल पर उतारने की अपील है। -परमजीत सिंह, आरडब्ल्यूए महासचिव , ग्रीनवुड सिटी ए ब्लॉक
पानी निकलने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण यहां पूरी सोसाइटी जलमग्न हो जाती है जिससे की लोगों को घर से निकल पाना भी मुश्किल साबित होता है। -सीमा पुनिया, आरडब्ल्यूए पूर्व अध्यक्ष, ग्रीनवुड सिटी ए ब्लॉक