संवाद में बोले सिद्धार्थ एनसीआर वन सोसाइटी के लोग बुनियादी सुविधाओं का अभाव बन रहा परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
मानेसर। सेक्टर-95 स्थित सिद्धार्थ एनसीआर वन सोसाइटी के निवासी इन दिनों कई समस्याओं से जूझ रहे हैं। लोगों का कहना है कि सोसाइटी के आसपास बुनियादी सुविधाओं की कमी के कारण उन्हें रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि सोसाइटी का नाम कहने को सिद्धार्थ है, जिसका अर्थ सफल काम या पूर्णकाम होता है लेकिन यहां सभी काम अधूरे हैं।
स्थानीय निवासियों के अनुसार वजीरपुर से पटौदी की ओर जाने वाली सड़क के बीच बनी ईंटों की बैरिकेडिंग काफी खराब हो चुकी है। इससे सड़क पर दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है। यहां सड़क पर स्पीड ब्रेकर नहीं होने के कारण वाहन तेज गति से गुजरते हैं, जिससे खतरा और बढ़ जाता है। निवासियों ने बिजली कटौती की समस्या भी उठाई है। उनका कहना है कि पिछले कुछ समय से सुबह और शाम के समय बार-बार बिजली जा रही है। ृ
स्मार्ट सोसाइटी में समस्याओं का अंबार
सोसाइटी में लगातार हो रही बिजली कटौती लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गई है। निवासियों का कहना है कि रोजाना सुबह करीब 6 बजे और शाम 7 बजे के आसपास बिजली चली जाती है। -ईशा, सोसाइटी निवासी
सोसाइटी में बंदरों की समस्या भी काफी समय से बनी हुई है। कई बार बंदरों की समस्या को लेकर शिकायत निगम को दी है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई।-रवि त्रिवेदी, संयुक्त सचिव एओए एनसीआर वन 95
सोसाइटी के पास पटौदी रोड पर कोई स्पीड ब्रेकर नहीं है, ऐसे में यहां पर तेज गति से वाहन दौड़ते हैं जिससे लगातार इलाके में सड़क हादसे का खतरा बढ़ रहा है।-जयपाल सांगवान, एओए सदस्य
सोसाइटी का सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) भी सही तरीके से काम नहीं कर रहा है। इसके कारण कई बार सीवर का गंदा पानी वापस भरकर आने लगता है, जिससे परेशानी होती है। -अमित बुदश्रा
सोसाइटी में बारिश के दौरान जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण कई जगह पानी जमा हो जाता है। जलभराव की वजह से आने-जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। -पलविंदर
सोसाइटी के पास बनी 24 मीटर चौड़ी सड़क की हालत भी काफी खराब हो चुकी है। इसके कारण वाहन चालकों और राहगीरों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ता है।- विनीत