लोगों का आरोप, कैम में शामिल करके आ रहे हैं बिजली के बिल
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। शहर के कुछ सोसाइटियों में डीएचबीवीएन और हरियाणा विद्युत विनियामक आयोग की गाइडलाइन नहीं मानी जा रही हैं। नियमानुसार कॉमन एरिया मेंटनेंस के साथ बिजली के बिल जुड़कर नहीं आने चाहिए। मेंटेनेंस की राशि नहीं चुकाए जाने के कारण बिजली नहीं काटी जानी चाहिए। सेक्टर-82 की कुछ सोसाइटियों में लोगों ने ऐसी शिकायत की है।
सेक्टर-82 स्थित रॉयल विले सोसाइटी के लोगों ने बताया कि डीएचबीवीएन के नियमों को नहीं माने जाने के कारण सोसाइटी को दो नोटिस मिले हैं। बावजूद इसके लोगों के बिजली बिल कॉमन एरिया मेंटेनेंस (कैम) चार्जेज के साथ आ रहा है। सेक्टर-82 स्थित अंतरिक्ष हाईट्स सोसाइटी के लोगों ने भी ऐसी शिकायत की है। सेक्टर-82 निवासी एसके पांडेय ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में बिजली निगम के स्थानीय कार्यालय में शिकायत की है।
इस संबंध में बिजली निगम के एसई वन श्यामवीर सैनी ने कहा कि सोसाइटियों में कॉमन एरिया मेंटनेंस शुल्क के साथ जुड़कर बिजली के बिल नहीं आने चाहिए। कैम चार्जेज नहीं देने पर बिजली नहीं काटी जा सकती है। अगर कहीं ऐसा हुआ है तो कार्रवाई होगी।