संवाद न्यूज एजेसी
गुरुग्राम। सेक्टर दो में नए सबस्टेशन से न्यू पालम विहार सबस्टेशन की सघन आबादी वाले इलाके को इस गर्मी में राहत मिलेगी। पिछले दिनों 31.5/ 25 एमवीए का ट्रांसफार्मर इस सबस्टेशन में चालू किया गया है। इसके पहले इतनी क्षमता के तीन ट्रांसफार्मर इस सबस्टेशन में पहले से मौजूद थे।
करीब 3 करोड़ की लागत से यह नया इंफ्रास्ट्रक्चर शुरू किया गया है। 6 महीने पहले इस पर काम शुरू हुआ था। इस नए सबस्टेशन से प्रकाशपुरी, धर्म कॉलोनी, पालम विहार, साई कुंज सोसाइटी, सेक्टर 111 की सोसाइटियों को ओवरलोडेड इंफ्रास्ट्रक्चर से राहत मिलेगी। बिजली निगम के एसडीओ प्रीतम सिंह ने बताया कि इन इलाकों की सघन आबादी के बीच कई बिजली के कनेक्शन लंबित हैो। नए इंफ्रास्ट्रक्चर के चालू होने से धर्म कॉलोनी के लोगों को नए बिजली के कनेक्शन मिल सकेंगे। ओवरलोडेड फीडरों के कारण यहां बिजली संबंधित फॉल्ट होते रहे हैं। नए ट्रांसफार्मर से यहां लोगों को राहत मिलेगी।
बिजली घर के पास कूड़ा घर होने से परेशानी
सेक्टर दो के बिजली घर के पास नगर निगम का कूड़ा घर बनाए जाने के कारण बिजली कर्मियों को भय बना रहता है। कूड़े में आग लगने की स्थिति में कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है। कूड़ा जमा होने के कारण बिजली घर में काम करने वाले कर्मियों को भी बदबू के कारण काफी परेशानी होती है। लोगों ने मांग की है कि बिजली घर के पास से कूड़ा प्वाइंट हटाया जाए।