विधानसभा में ट्रैफिक समस्या, स्वास्थ्य सुविधाओं और जलभराव समेत अन्य प्रस्ताव रखे
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। विधायक मुकेश शर्मा ने विधानसभा के बजट सत्र में कई महत्वपूर्ण मुद्दों को सदन में उठाया। शून्यकाल के दौरान उन्होंने गुरुग्राम में बढ़ती ट्रैफिक समस्या, स्वास्थ्य सुविधाओं, जलभराव, आधारभूत ढांचे और सार्वजनिक सुविधाओं से संबंधित विभिन्न प्रस्ताव रखे। इसमें शहर की तीन प्रमुख सड़कों को एलिवेटेड करने की मांग प्रमुख है।
विधायक मुकेश शर्मा ने गुरुग्राम में ट्रैफिक जाम की समस्या के स्थायी समाधान के लिए एलिवेटेड रोड निर्माण की मांग की। उन्होंने डूंडाहेड़ा से महावीर चौक, इफ्को चौक से महावीर चौक, राजीव चौक से सेक्टर-5 होते हुए सिग्नेचर टावर तक और द्वारका एक्सप्रेसवे से एलिवेटेड रोड को जोड़ने का प्रस्ताव रखा। विधायक ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरे होने से गुरुग्राम की यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार होगा। लोगों को डूंडाहेडा से महावीर चौक तक पहुंचने में लगभग मात्र सात मिनट का समय लगेगा। उन्होंने गुरुग्राम के सरकारी अस्पताल में अटल कैंटीन शुरू करने की मांग रखी, ताकि मरीजों को किफायती दर पर भोजन उपलब्ध हो सके। विधायक ने गुरुग्राम के सभी शवगृह (मॉर्चरी) में एम्बुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने हरियाणा पुलिस के सब-इंस्पेक्टरों के लंबित प्रमोशन को जल्द पूरा करने की मांग उठाई। उन्होंने गुरुग्राम में जलभराव की समस्या के समाधान के लिए रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम को प्रभावी ढंग से लागू करने का भी प्रस्ताव रखा। शर्मा ने बस स्टैंड को आधुनिक सुविधाओं, सुव्यवस्थित पार्किंग और बेहतर यात्री सुविधाओं के साथ विकसित करने की मांग की। गुरुग्राम में प्रस्तावित 400 बेड के अस्पताल के निर्माण कार्य को शीघ्र शुरू करने का भी आग्रह किया। उन्होंने 900 मीटर क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने और बिजली के मीटर लगाने की मांग भी सदन में रखी। बढ़ती जनसंख्या को देखते हुए शहर की सीवर व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सीवर लाइन को 36 इंच तक अपग्रेड करने की आवश्यकता पर भी बल दिया।