स्ट्रीट लाइटों के अभाव में अंधेरे में डूबी सेक्टर-102/102ए की मुख्य सड़क
स्ट्रीट लाइटों के अभाव में अंधेरे में डूबी सेक्टर-102/102ए की मुख्य सड़क
संवाद न्यूज एजेंसी
न्यू गुरुग्राम। सेक्टर-102/102ए की मुख्य सड़क पर स्ट्रीट लाइटों की कमी के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि नगर निगम इस समस्या को लेकर गंभीर नहीं है। सड़क पर अंधेरा रहने से अडानी ऑयस्टर, जॉयविले और एमार इम्पीरियल गार्डन जैसी हाईराइज सोसाइटियों के निवासियों को आवागमन में दिक्कतें होती हैं।
लोगों के अनुसार हाल ही में इस बारे में नगर निगम को शिकायत भी दी गई थी, लेकिन बिना किसी कार्रवाई के शिकायत का निपटारा कर दिया गया। अडानी ऑयस्टर ग्रांडे के निवासी गुरसिमरन सिंह ने बताया कि मौजूदा स्ट्रीट लाइट पोलों के बीच काफी दूरी होने के कारण रात के समय पूरा क्षेत्र अंधेरे में डूब जाता है। वहीं, एमार इम्पीरियल गार्डन के उपाध्यक्ष सुनील सरीन ने कहा कि पर्याप्त रोशनी नहीं होने से वाहन चालकों और स्थानीय लोगों के लिए दुर्घटना का खतरा बना रहता है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि किसी दुर्घटना से पहले स्ट्रीट लाइट पोल लगाए जाएं।
नगर निगम गुरुग्राम के कार्यकारी अभियंता सचिन यादव ने अपने जवाब में क्षेत्र में स्ट्रीट लाइटों की कमी स्वीकार की है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में विभाग के स्टोर में स्ट्रीट लाइट उपलब्ध नहीं हैं। इस संबंध में 21,500 नई स्ट्रीट लाइटों की आवश्यकता बताते हुए मुख्यालय, शहरी स्थानीय निकाय विभाग को पत्र भेजा गया है। इसके अलावा, इन पत्रों के क्रम में डब्ल्यूसीएमसी कार्यालय द्वारा भी मुख्यालय डीयूएलबी, पंचकूला को स्ट्रीट लाइटों की खरीद की स्वीकृति प्राप्त करने हेतु पत्र भेजा गया है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में यह प्रस्ताव डीयूएलबी स्तर पर स्वीकृति के लिए लंबित है। जैसे ही नई स्ट्रीट लाइटें एमसीजी को प्राप्त होंगी, उनके स्थापना का कार्य नियमानुसार कर दिया जाएगा।