नागरिक अस्पताल के निर्माणाधीन ब्लाॅक में गहरी दरारें, उठ रहे सवाल
90 करोड़ की लागत से बनाई जा रही इमारत
सौम्या गुप्ता
गुरुग्राम। सेक्टर-10 स्थित नागरिक अस्पताल परिसर में निर्माणाधीन 100 बेड के नए अस्पताल की गुणवत्ता पर सवाल खड़े होने लगे हैं। करीब 90 करोड़ रुपये की लागत से बन रही इस पांच मंजिला इमारत में निर्माण कार्य के दौरान ही गहरी दरारें दिखाई देने लगी हैं। खासतौर पर इमारत के पिलरों में पड़ी दरारों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
नए अस्पताल भवन का निर्माण लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की ओर से कराया जा रहा है और वर्तमान में लगभग 80 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। बावजूद इसके निर्माण के इस चरण में ही संरचनात्मक हिस्सों में दरारें सामने आना निर्माण गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि पिलरों में दरारें आना किसी भी इमारत के लिए खतरनाक संकेत होता है, क्योंकि यही ढांचे की मजबूती का आधार होते हैं।
स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से बनाए जा रहे इस अस्पताल से शहर को बड़ी उम्मीदें हैं, लेकिन निर्माण में सामने आ रही खामियों ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना को विवादों के घेरे में ला दिया है। अब देखना होगा कि संबंधित विभाग इस पर क्या कदम उठाता है। कांग्रेस नेता धर्मेंद्र मिश्रा ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि मिलेनियम सिटी गुरुग्राम में एक भी ढंग का सरकारी अस्पताल भाजपा सरकार नहीं दे पाई है। अब जो नया ब्लॉक बनाया जा रहा है, वह भी घटिया सामग्री से तैयार हो रहा है।
-
वर्तमान इमारत में भरता है पानी
सेक्टर-10 स्थित नागरिक अस्पताल की वर्तमान संचालित इमारत की हालत भी चिंताजनक बनी हुई है। बारिश के दौरान बेसमेंट स्थित जनरल वार्ड में पानी भर जाता है, जिससे मरीजों का इलाज प्रभावित होता है। कई बार हालात ऐसे बन जाते हैं कि 45 बेड अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने पड़ते हैं और अन्य वार्डों में इलाज करना भी मुश्किल हो जाता है।
अस्पताल का निर्माण कार्य अभी जारी है और जो दरारें दिखाई दे रही हैं, वे पूरी तरह प्राकृतिक हैं। शाफ्ट में पाइपलाइन का कार्य शेष है। निर्माण पूरा होने और फाइनल फिनिशिंग के बाद दरारों को ठीक हो जाएंगी, जिससे किसी प्रकार की समस्या नहीं रहेगी। -
विवेक गुप्ता, एसडीओ, पीडब्ल्यूडी