गुरुग्राम। सेक्टर-65 थाना क्षेत्र में एक वाहन की टक्कर युवक की मौत हो गई। वह गुरुग्राम में दिहाड़ी-मजदूरी का काम करता था। हादसे के बाद चालक वाहन को लेकर भाग गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी पहुंचाया। मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल के दक्षिण दिनाजपुर निवासी रेजुल मोल्ला (37) के रूप में हुई है। वह गुरुग्राम के रामगढ़ गांव में किराये पर रहता था मृतक के भतीजे सयुल हुसैन ने पुलिस को बताया कि 16 जनवरी की रात को करीब 12.15 बजे वह चाचा रेजुल मोल्ला के साथ काम खत्म करके कमरे पर जा रहा था। जब वे सेक्टर-66 में ठेके के पास पहुंचे तो पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार वाहन ने उन दोनों को टक्कर मार दी। उसने पुलिस की मदद से चाचा को सेक्टर-10 स्थित नागरिक अस्पताल में पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने रेजुल मोल्ला को मृत घोषित कर दिया। जांच अधिकारी एसआई महाबीर सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। वाहन की पहचान होने के बाद चालक को गिरफ्तार करके आगामी कार्रवाई की जाएगी। ब्यूरो