गुरुग्राम। पुलिस के तमाम प्रयासों के बावजूद जिले में रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसी क्रम में शनिवार को तेज रफ्तार ट्राले की टक्कर से कार चालक की मौत हो गई। मृतक के परिजनों की शिकायत पर राजेंद्रा पार्क थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
मूल रूप से झज्जर के हसनपुर निवासी नरेश कुमार ने बताया कि उनका भतीजा अंकुर कुमार गुरुग्राम खाद्य विभाग में नौकरी करता था। वह अपने निजी काम से शनिवार को गुरुग्राम आए हुए थे। नरेश के मुताबिक, अंकुर ड्यूटी खत्म कर अपनी कार से शाम को हसनपुर गांव जा रहा था। वह भी अपने वाहन से अंकुर के पीछे-पीछे चल रहे थे। अंकुर चंदू गांव से थोड़ा आगे पहुंचा ही था कि सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्राले ने उसकी कार में टक्कर मार दी। ट्राले व कार में टक्कर इतनी तेज थी कि कार सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन अंकुर को लेकर सेक्टर-10 नागरिक अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उनको जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
वहीं, ट्राला चालक मौके से फरार हो गया। मृतक के चाचा की शिकायत के बाद ट्राले के नंबर के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। मालूम हो कि गलत दिशा में आने वाले वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस आयुक्त केके राव ने सख्त कार्रवाई की बात कही है। पुलिस आयुक्त के आदेश के मुताबिक गलत दिशा में वाहन चलाने वालों का ड्राइविंग लाइसेंस रद्द किया जाएगा।