बोले, आत्मविश्वास और मेहनत से हर बाधा हो सकती है पार
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने कहा कि दिव्यांगों में अपार प्रतिभा होती है और यदि उन्हें उचित अवसर और मार्गदर्शन मिले तो वे समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि यह हमारे समाज की जिम्मेदारी है कि हम मूक-बधिर युवाओं जैसे विशेष वर्ग के लिए रोजगार के बेहतर अवसर सुनिश्चित करें ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें।
राज्यपाल बृहस्पतिवार सेक्टर-15 पार्ट-2 स्थित हरियाणा वेलफेयर सोसाइटी फॉर पर्सन्स विद स्पीच एंड हियरिंग इंपेयरमेंट में आयोजित एक समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने संस्था द्वारा हाल ही में आयोजित प्लेसमेंट ड्राइव के तहत चयनित मूक-बधिर युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस ड्राइव के माध्यम से कुल 22 विद्यार्थियों का चयन विभिन्न प्रतिष्ठित निजी कंपनियों में हुआ, जिनमें 14 युवक और 8 युवतियां शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि यह दिन न केवल गर्व का है, बल्कि यह उन युवाओं की मेहनत, संकल्प और आत्मविश्वास का उत्सव है। जिन्होंने यह सिद्ध कर दिया है कि अक्षमता कोई सीमा नहीं, बल्कि एक अवसर है। उन्होंने चयनित युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह नियुक्ति पत्र केवल एक कागज का टुकड़ा नहीं, बल्कि उनके उज्ज्वल भविष्य की पहली सीढ़ी है।
राज्यपाल ने युवाओं से आग्रह किया कि वे अपने कार्यक्षेत्र में निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी से कार्य करें और समाज में उत्कृष्टता के नए मानदंड स्थापित करें। उन्होंने कहा कि इन बच्चों की सफलता न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे समाज के लिए गर्व की बात है और वे लाखों लोगों के लिए प्रेरणा बनेंगे।
कार्यक्रम में उपस्थित गुरुग्राम के उपायुक्त अजय कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि मूक-बधिर युवाओं को मुख्यधारा में शामिल करना सामाजिक समरसता की दिशा में एक बड़ा कदम है। जिला प्रशासन ऐसे प्रयासों में हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।