निर्माण कार्य का लगभग 65 प्रतिशत काम पूरा, पहले चरण को वर्ष 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य
जापानी निवेश और तकनीक से ग्लोबल सिटी बनेगी गुरुग्राम का नया बिजनेस हब
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। सेक्टर-36बी और 37बी में विकसित की जा रही ग्लोबल सिटी जिले के लिए नए व्यावसायिक केंद्र के रूप में आकार ले रही है। हरियाणा स्टेट इंडस्ट्रियल एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (एचएसआईआईडीसी) की ओर से विकसित किए जा रहे इस प्रोजेक्ट में जापान के निवेश और तकनीक को भी प्रमुख आधार बनाया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, कई बड़ी कंपनियां यहां निवेश के लिए रुचि दिखा रही हैं। ऐसे में प्रोजेक्ट का निर्माण पूरा होने के बाद ग्लोबल सिटी में बड़े पैमाने पर कारोबारी गतिविधियों के साथ रोजगार के नए अवसर भी पैदा होने की उम्मीद है।
करीब 1003 एकड़ में विकसित होने वाली ग्लोबल सिटी के पहले चरण में 587 एकड़ क्षेत्र में निर्माण कार्य चल रहा है। करीब 900 करोड़ रुपये की लागत से कराए जा रहे इस निर्माण कार्य का लगभग 65 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। पहले चरण को वर्ष 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
ग्लोबल सिटी में वैश्विक स्तर के बड़े शॉपिंग मॉल और मल्टीप्लेक्स विकसित करने की योजना है। इनमें अंतरराष्ट्रीय ब्रांड के साथ मनोरंजन के कई विकल्प उपलब्ध होंगे। वीकेंड और छुट्टियां बिताने के लिए हाई-एंड होटल, लाउंज और अन्य सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। शहर में खुले हरे-भरे क्षेत्र और आधुनिक पार्क बनाए जाएंगे, ताकि लोगों को बेहतर वातावरण मिल सके।
सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजनों के लिए भी विशेष व्यवस्था होगी। बड़े पारिवारिक समारोह, विवाह और भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए मैरिज पैलेस और आयोजन स्थल विकसित किए जाएंगे। इसके अलावा आधुनिक सामुदायिक केंद्र और बड़े पब्लिक प्लाजा बनाए जाएंगे, जहां समय-समय पर सांस्कृतिक कार्यक्रम, लाइव शो और उत्सव आयोजित किए जा सकेंगे।
ग्लोबल सिटी की पहचान इसकी गगनचुंबी इमारतों से भी होगी। योजना के अनुसार यहां करीब 620 से 700 मीटर ऊंचे मिश्रित उपयोग (मिक्स्ड यूज) वाले टावर विकसित किए जा रहे है। इनकी ऊंचाई 100 मंजिल से भी अधिक होगी।
ग्लोबल सिटी को बेहतर कनेक्टिविटी देने के लिए इसे दो राष्ट्रीय राजमार्गों और एक राज्य राजमार्ग से जोड़ा जा रहा है। इनमें द्वारका एक्सप्रेसवे, दिल्ली-जयपुर हाईवे और पटौदी स्टेट हाईवे शामिल हैं। बेहतर सड़क संपर्क और जिले के मजबूत कॉरपोरेट ईको सिस्टम के कारण यहां देश-विदेश की कंपनियों के लिए कारोबार करना आसान होगा।
एचएसआईआईडीसी के डीजीएम अरुण गर्ग ने बताया कि ग्लोबल सिटी को जापान के निवेश और तकनीक से विकसित करने पर हरियाणा और गुरुग्राम में उद्योग तथा रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। ग्लोबल कंपनियों को यहां नया प्लेटफॉर्म मिलेगा। गुरुग्राम की अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी, मजबूत कॉरपोरेट ईको सिस्टम और मानेसर का औद्योगिक क्षेत्र इसे विदेशी निवेश के लिए मजबूत डेस्टिनेशन बनाता है। जापान से कारोबारी आवाजाही और तकनीकी निवेश बढ़ने पर गुरुग्राम में नए बिजनेस सेंटर, मैन्युफैक्चरिंग सपोर्ट यूनिट और सर्विस कंपनियों के आने की संभावनाएं बढ़ेंगी।