अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। बादशाहपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक युवती ने अज्ञात कारणों से फंदा लगाकर जान दे दी। कमरा मालिक ने युवती द्वारा आत्महत्या की सूचना दी तो पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने एफएसएल व फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की टीम से घटनास्थल का निरीक्षण कराया। शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में पहुंचाया और मृत युवती के परिवार वालों को सूचना दी। युवती ने आत्महत्या से पहले वीडियो रिकॉर्ड किया था, जिसमें कहा था की मैं अपनी मर्जी से आत्महत्या कर रही हूं। इसके पीछे कोई कारण नहीं है।
मृत युवती की पहचान नेपाल निवासी कल्पना (23) के रूप में हुई है। उसने 2 फरवरी को ही बादशाहपुर में किराये पर कमरा लिया था। शुक्रवार को कमरे के मालिक ने पुलिस को युवती द्वारा फंदा लगाने की सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश किया और युवती के शव को फंदे से नीचे उतारा। पुलिस को निरीक्षण के दौरान कमरे से शराब की बोतल मिली हैं। वहीं, दरवाजे पर अंदर ताला लगाकर बंद किया गया था।
जांच अधिकारी एएसआई संजीव ने बताया कि परिवार वालों को सूचना दे दी गई है। उनके आने के बाद रविवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। युवती द्वारा फंदा लगाकर आत्महत्या करने के कारणों के बारे में पता लगाया जा रहा है।
दो युवकों ने लगाया फंदा, मौत
गुरुग्राम। जिले में आईएमटी मानेसर थाना व सेक्टर-10 थाना क्षेत्र में दो युवकों ने 6 फरवरी को फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर संबंधित थानाें की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में पहुंचाया। पुलिस ने एफएसएल टीम से घटनास्थल का निरीक्षण कराया है। आईएमटी मानेसर थाना के अंतर्गत खोह गांव में किराये पर रहने वाले हैप्पी सिंह (22) ने शुक्रवार को फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मूल रूप से रोहताश (बिहार) के भैसही खुर्द गांव निवासी हैप्पी सिंह आईएमटी मानेसर स्थित एक निजी कंपनी में नौकरी करता था। जांच अधिकारी एएसआई हरजीत ने बताया कि परिवार वालों के दर्ज किए गए हैं, जिसमें हैप्पी सिंह (मृतक) के पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान बताया गया है। मामले में धारा 174 के तहत कार्रवाई की गई है। वहीं, दूसरे मामले में सेक्टर-10 थाना के अंतर्गत कादीपुर गांव हरिजन चौपाल के पास किराये के कमरे में रहने वाले किशोर ने 6 फरवरी की दोपहर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान बिहार के मधुबनी निवासी कृष्ण कुमार ठाकुर (साढ़े 17 वर्ष) के रूप में हुई। वह गुरुग्राम में अपने पिता व भाई के पास कुछ दिनों पहले ही रहने के लिए आया था। जांच अधिकारी एसआई अनिल ने बताया कि कृष्ण कुमार ठाकुर की आत्महत्या मामले में कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। ब्यूरो
मानसिक रूप से परेशान युवक ने फंदा लगाकर की आत्महत्या
गुरुग्राम। बिलासपुर थाना क्षेत्र में मानसिक रूप से परेशान एक युवक ने शुक्रवार की दोपहर को बासलांबी से आईएमटी जाने वाले रास्ते पर खेतों में कीकर के पेड़ पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर जमालपुर चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने एफएसएल व फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों क टीम से घटनास्थल का निरीक्षण कराया। शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में पहुंचाया। मृतक की पहचान कासगंज (उत्तर प्रदेश) के अशोक पुरा गांव निवासी रमनवीर के रूप में हुई है। जांच अधिकारी एएसआई उदयवीर ने बताया कि परिवार वालों के बयान दर्ज किए हैं, कोई संदिग्ध बात सामने नहीं आई है। शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। मामले की छानबीन की जा रही है। कोई संदिग्ध बात सामने आती है तो उसी आधार पर कार्रवाई की जाएगी। ब्यूरो