गैंगस्टर ने गिरफ्तारी या डिटेन करने की खबरों को बताया फर्जी
- एसटीएफ के आईजीपी ने गैंगस्टर के दुबई में डिटेन करने की कही बात
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। हरियाणा की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने मोस्ट वांटेड गैंगस्टर राव इंद्रजीत यादव को पकड़ने का दावा किया है। एसटीएफ के आईजीपी बी. सतीश बालन ने भी उसके दुबई में डिटेन करने की बात कही जा रही है। वहीं, दूसरी ओर गैंगस्टर ने गिरफ्तारी या डिटेन करने की खबरों को फर्जी बताया है। उन्होंने अमर उजाला से बात करते कहा कि वह दुबई में है और गाड़ी ड्राइव कर रहा है। उनके डिटेन करने संबंधी सारी बातेंं झूठी हैं।
गैंगस्टर ने कहा कि उन पर सभी आरोप पूरी तरह गलत व बेबुनियाद हैं। उसके खिलाफ राजनीतिक व पुलिस की साजिश है। उन्होंने कहा कि उन पर हत्या व फायरिंग कराने या रंगदारी के जो आरोप लगे हैं, वह उनमें शामिल नहीं रहा। कुछ पुलिस अधिकारी और फाइनेंसर मुझे गैंगस्टर बनाने की कोशिश कर रहे हैं। वहीं, दूसरी ओर एसटीएफ के अधिकारी के अनुसार दुबई अथॉरिटी ने भारतीय एजेंसियों से गैंगस्टर से जुड़े दस्तावेज मांगे हैं।
वहीं, पुलिस के अनुसार संगीत उद्योग से शुरुआत करने वाले राव इंद्रजीत यादव पर हत्या, फायरिंग, जबरन वसूली, रंगदारी और मनी लॉन्ड्रिंग जैसे 15 से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं। वह हिमांशु भाऊ गैंग व रोहित गोदारा जैसे गैंगस्टरों से जुड़ा हुआ है। डीघल के एक फाइनेंसर और गुरुग्राम में रोहित शौकीन मर्डर और गायक राहुल फाजिलपुरियां पर फायरिंग मामले भी उसका नाम सामने आया था। जनवरी 2025 में आयकर विभाग की छापेमारी के दौरान इंद्रजीत दुबई चला गया था। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने उसके खिलाफ पीएमएलए के तहत मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज किया। ईडी की छापेमारी में उसके ठिकानों से कई करोड़ रुपये नकदी, लग्जरी कारें, जेवरात व दस्तावेज बरामद हुए थे।
इस संबंध में एसटीएफ के आईजीपी बी. सतीश बालन ने मैसेज के माध्यम से गैंगस्टर राव इंद्रजीत यादव के दुबई में डिटेन किए जाने की बात कही है।
प्रवीन कुमार