अमर उजाला भविष्य ज्योति सम्मान समारोह में 700 से अधिक छात्रों को किया सम्मानित
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सम्मान, प्रेरणा और उत्साह से भरे माहौल में सोमवार को अमर उजाला भविष्य ज्योति सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। आईआईएमटी यूनिवर्सिटी ग्रेटर नोएडा के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में 700 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया। समारोह के दौरान छात्रों के चेहरों पर खुशी और उत्साह साफ दिखाई दिया।
सेक्टर-16 स्थित किसान भवन में आयोजित कार्यक्रम में सीबीएसई, आईसीएसई और हरियाणा बोर्ड की 12वीं कक्षा की परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही अमर उजाला नेशनल ओलंपियाड के विजेता विद्यार्थियों को भी विशेष सम्मान प्रदान किया गया। सभागार विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों से खचाखच भरा रहा। मेधावी छात्रों के सम्मान के दौरान पूरे हॉल में तालियों की गूंज सुनाई देती रही।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डीसीपी बल्लभगढ़ प्रतीक अग्रवाल और अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) अंजलि श्रोत्रिया उपस्थित रही। वहीं, जिला शिक्षा अधिकारी अंशु सिंगला और जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी बसंत कुमार ढिल्लों विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। अतिथियों ने विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और निरंतर मेहनत करने का संदेश दिया। समारोह में आईआईएमटी यूनिवर्सिटी, ग्रेटर नोएडा के वाइस चांसलर पंकज कुमार मिश्रा और डीजी हर्षित सिन्हा भी मौजूद रहे।
छात्रों को प्रेरित करने के लिए दिल्ली विश्वविद्यालय की प्रोफेसर डॉ. वैशाली शर्मा और प्राणिक हीलर निहारिका घई ने अपने विचार साझा किए। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य तय कर निरंतर प्रयास करने की सीख दी। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके बाद अमर उजाला नेशनल ओलंपियाड के विजेताओं और 12वीं कक्षा के मेधावी विद्यार्थियों को मंच पर बुलाकर सम्मानित किया गया। समारोह ने विद्यार्थियों में नई ऊर्जा और आगे बढ़ने का आत्मविश्वास जगाया।
नेशनल ओलंपियाड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सराहा
समारोह में अमर उजाला नेशनल ओलंपियाड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के चेहरों पर खुशी और उत्साह साफ दिखाई दिया। छात्रों ने कहा कि इस सम्मान से उनका आत्मविश्वास बढ़ा है और भविष्य में बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिली है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने छात्रों की सराहना करते हुए कहा कि ओलंपियाड जैसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने का महत्वपूर्ण मंच हैं।
विभिन्न विद्यालयों के छात्रों ने बढ़-चढ़कर लिया भाग
समारोह में जिले के कई सरकारी और निजी विद्यालयों के छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल एनआईटी-3, सेक्टर-55, तिगांव, मेवला महाराजपुर, नंगला गुजरान, डीपीएस ग्रेटर फरीदाबाद, डीएवी सेक्टर-14, जीवा पब्लिक स्कूल, विद्या मंदिर पब्लिक स्कूल, मॉडर्न पब्लिक स्कूल सेक्टर-16, बालाजी पब्लिक स्कूल, मेट्रो स्कूल, दीक्षा पब्लिक स्कूल, एमआर कॉन्वेंट स्कूल और राहुल पब्लिक स्कूल सहित कई शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थी शामिल हुए। इसके अलावा विभिन्न राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सेक्टर सात, एनआईटी पांच और पीएमश्री तिगांव, एनआईटी तीन और समयपुर स्कूल के छात्रों की भी उल्लेखनीय भागीदारी रही। छात्रों ने कार्यक्रम में सम्मान प्राप्त कर खुशी व्यक्त की।
यह आपकी नई यात्रा की शुरुआत है। अब आप जिस भी कॅरिअर का चयन करेंगे, वही आपके जीवन की दिशा और दशा तय करेगा। यह समय आपके लिए बहुत महत्वपूर्ण है, इसलिए सोच-समझकर अपने लक्ष्य का चुनाव करें और पूरी मेहनत के साथ आगे बढ़ें। सफलता उन्हीं को मिलती है जो निरंतर प्रयास करते हैं और हार नहीं मानते। - अंजलि श्रोत्रिया, एडीसी
-
लक्ष्य को हमेशा अपने मन में लेकर चलना चाहिए, क्योंकि यही जीवन को सही दिशा देता है। जब मन में स्पष्ट लक्ष्य होता है, तो व्यक्ति हर कठिनाई का सामना करने के लिए तैयार रहता है। लक्ष्य हमें मेहनत करने की प्रेरणा देता है और भटकाव से बचाता है। जो लोग अपने लक्ष्य के प्रति ईमानदार रहते हैं, वे ही सफलता प्राप्त करते हैं। - प्रतीक अग्रवाल, डीसीपी बल्लभगढ़