जीएमआरएल मिलेनियम सिटी से साइबर सिटी तक मेट्रो पर कर रहा है काम
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पीसी मीणा ने सोमवार को गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड (जीएमआएल) और हरियाणा मास रैपिड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (एमएमआरटीसी ) के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ पुराने गुरुग्राम के मुख्य क्षेत्रों में एलिवेटेड रोड कॉरिडोर और मेट्रो अलाइनमेंट की इंटीग्रेटेड प्लानिंग पर चर्चा की।
बैठक में मल्टी-लेवल मोबिलिटी इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास के माध्यम से पुराने गुरुग्राम में भीड़ कम करने पर ध्यान केंद्रित किया गया। जीएमडीए विभिन्न एलिवेटेड रोड कॉरिडोर और ग्रेड सेपरेटर की योजना बना रहा है, जबकि जीएमआरएल दो मेट्रो कॉरिडोर-मिलेनियम सिटी सेंटर से साइबर सिटी तक और गुरुग्राम रेलवे स्टेशन से भोंडसी तक की योजना पर काम रहा है, जिसमें सेक्टर-33 में डिपो और ऑपरेशनल इंटीग्रेशन होगा।
सीईओ ने इस बात पर जोर दिया कि मेट्रो इंफ्रास्ट्रक्चर की योजना प्रस्तावित एलिवेटेड कॉरिडोर के साथ समन्वय में बनाई जानी चाहिए ताकि पुराने गुरुग्राम में सड़क संबंधी कार्य हो सके। पुराने रेलवे रोड और गुरुग्राम रेलवे स्टेशन-भोंडसी स्ट्रेच के साथ प्रस्तावित मेट्रो कॉरिडोर के साथ जीएमडीए के सड़क इंफ्रास्ट्रक्चर की एकीकृत योजना पर चर्चा की गई और भविष्य में मेट्रो यात्रियों और सड़क यातायात को पूरा करने के लिए राइट ऑफ वे को बचाने पर जोर दिया गया।
इस समन्वित दृष्टिकोण का उद्देश्य एक अच्छी तरह से एकीकृत, मल्टी-मॉडल और मल्टी-लेवल परिवहन नेटवर्क बनाना है, जो पुराने गुरुग्राम में भीड़ कम करने और तेजी से शहरी विकास का समर्थन करने में महत्वपूर्ण योगदान देगा। जीएमडीए के सीईओ ने जीएमआरएल और एचएमआरटीसी से प्रस्तावित कॉरिडोर में सामंजस्य स्थापित करने के लिए कहा। उन्होंने सभी विभागों को तकनीकी इनपुट प्रदान करने का निर्देश दिया ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि इंफ्रास्ट्रक्चर भविष्य के लिए तैयार हो।