पूर्वापल्ली दुर्गाबाड़ी पूजा पंडाल में आज गरबा का आयोजन भी होगा
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। शहर के दुर्गा पूजा पंडालों में शुक्रवार से पूजा के कार्यक्रम और रौनक शुरू हो जाएगी। सेक्टर-15 पार्ट टू स्थित सामुदायिक भवन में पूर्वापल्ली दुर्गाबाड़ी के पूजा पंडाल में शुक्रवार की शाम को आनंद मेला और गरबा का आयोजन किया जाएगा। दुर्गापूजा कमेटियां पूजा शुरू होने के एक दिन पहले आनंद मेला आयोजित करती हैं।
गुड़गांव बंगाली एसोसिएशन का 44वां दुर्गोत्सव
गुरुग्राम की सबसे पुरानी दुर्गा पूजा गुड़गांव बंगाली एसोसिएशन की है। सेक्टर-नौ ए के सामुदायिक भवन में इस संगठन के कार्यक्रम शुक्रवार से शुरू हो जाएंगे। यह एसोसिएशन गुरुग्राम का सबसे पुराना बंगाली संगठन है। इस पूजा स्थल अगले छह दिनों में मिनी बंगाल के रंग में नजर आएगा। 26 अक्तूबर को आनंद मेला से शुरू हुआ। कार्यक्रम दो अक्तूबर को विजयादशमी के सिंदूर खेला के साथ कार्यक्रम संपन्न होगा।
सेक्टर-37 डी स्थित रामप्रस्था सिटी में पूजा की तैयारी
सेक्टर-37 डी स्थित रामप्रस्था सोसाइटी की ओर से इस साल चौथी बार दुर्गा पूजा का आयोजन किया जा रहा है। कमेटी के अध्यक्ष अतनु भट्टाचार्य ने बताया कि इस बार पंडाल की थीम बंगालर वर्ण परिचय होगा, जिसके तहत बंगाल की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर और परंपरा की जीवंत रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। ट्रस्ट के प्रतिनिधि रुपोजीत दत्ता ने बताया कि इस साल एक पत्रिका भी लॉन्च की जाएंगी।सोसाइटी के बाहर पंडाल होने से सेक्टर-37 डी की अन्य सोसाइटियों और कॉलोनियों के लोग भी पूजा में हिस्सा ले सकेंगे।
ओडिशा की परंपरा के अनुसार होगी पूजा
कलिंगा कल्चरल वेलफेयर एसोसिएशन की दुर्गापूजा का उत्सव 28 सितंबर से सेक्टर-चार स्थित सामुदायिक भवन में शुरू होगा। ओडिशा की दुर्गा पूजा की परंपरा इस पूजा में दिखेगी। 28 अक्तूबर को कलश यात्रा और षष्ठी पूजन के साथ कार्यक्रम शुरू होगा। ओडिशाा की संस्कृति के अनुसार यहां दो अक्तूबर तक मां दुर्गा की पूजा हवन और शाम में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।