अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सेक्टर-50 थाना क्षेत्र में चालक अपने मालिक के भरोसे का फायदा उठाकर 47,28,500 रुपये लेकर भाग गया। मालिक ने चालक को अपने किसी जानकार को रुपये देने के लिए भेजा था। चालक पिछले काफी समय से पीड़ित के यहां नौकरी कर रहा था। पीड़ित की शिकायत पर सेक्टर-50 थाने में प्राथमिकी दर्ज की है।
नई दिल्ली के ग्रेटर कैलाश पार्ट-1 निवासी योगेंद्र कपूर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके पास काफी लंबे समय से विनय कुमार नामक चालक उनकी गाड़ी चला रहा है। काफी पुराना होने के कारण उन्हें विनय कुमार पर भरोसा हो गया था। वे अक्सर चालक को अपने जानकारों को रुपये देने के लिए उसे भेज देते थे। उन्होंने पुलिस को बताया कि 30 अप्रैल को वे गुरुग्राम के सेक्टर-49 में थे और उन्होंने चालक विनय कुमार को 47,28,500 रुपये एक जानकार को देने के लिए कहा था। लेकिन चालक वह राशि बताए गए व्यक्ति को देने की बजाय खुद लेकर चला गया और मोबाइल भी बंद कर लिया। कई दिनों तक चालक की तलाश की, लेकिन उसके बारे में कोई सुराग नहीं लगा। सेक्टर-50 थाना के प्रभारी इंस्पेक्टर सुखबीर ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करके जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार करके आगामी कार्रवाई की जाएगी। आरोपी चालक की लोकेशन ट्रेस की जा रही है।