इंस्टाग्राम पर वायरल हो रहा स्टंट का वीडियो
- स्टंट करके अपनी व अन्य लोगों की जान डाल रहा जोखिम में
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। साइबर सिटी में इन दिनों गाड़ियों से स्टंट करना युवाओं के लिए ट्रेंड बनता जा रहा है। युवा बाइक, कार, गाड़ियों सहित अन्य वाहनों पर स्टंट करते हैं, जोकि यातायात नियमों को तोड़ने के साथ राहगीरों की जान जोखिम में आ जाती है। गाड़ी की छत पर खड़े होकर चालक के स्टंट करने का वीडियो कुछ दिन से वायरल हो रहा है। यह वीडियो दिल्ली-गुुरुग्राम के बॉर्डर का बताया जा रहा है। हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह वीडियो दिल्ली की सीमा के अंदर का है या फिर गुरुग्राम सीमा क्षेत्र का। इस वीडियो में एक कार का चालक कभी खिड़की पर तो कभी कार की छत पर खड़ा होकर स्टंट कर रहा है। इससे आसपास खड़े लोग भी बचने का प्रयास करते हैं। अगर स्टंट करने के दौरान कोई हादसा हो जाता तो इसका जिम्मेदार कौन होता।
पिछले दिनों हो चुके वीडियो वायरल
गुरुग्राम में थार, स्कॉर्पियो, ट्रैक्टर, कार और बाइक पर स्टंट करने के वीडियो वायरल हो चुके हैं। ये वीडियो द्वारका एक्सप्रेसवे, दिल्ली-जयपुर हाईवे, गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड, गोल्फ कोर्स रोड व साइबर हब के पास सड़क पर किए गए स्टंट संबंधी हैं। वीडियो वायरल होने के बाद गुरुग्राम पुलिस ने कार्रवाई करते हुए स्टंट करने वाले आरोपियों को गिरफ्तार भी किया है।
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार का कहना है कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो की सही लोकेशन नहीं मिली है। वीडियो की लोकेशन के बारे में जांच कराई जाएगी। अगर वीडियो गुरुग्र्राम जिले की सीमा क्षेत्र का पाया जाता है तो चालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।