एक पुलिसकर्मी सड़क किनारे जा गिरा था, दूसरा शीशे से टकराकर लटका
पुलिस की गाड़ी को देखकर कार छोड़कर भागा आरोपी, किया गिरफ्तार
घायल पुलिसकर्मियों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सदर थाना क्षेत्र में मंगलवार की रात एक कार ने पुलिस राइडर बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक सवार एक पुलिसकर्मी सड़क किनारे जा गिरा, दूसरा पुलिसकर्मी उछलकर कार के अगले शीशे से टकराकर बोनट पर लटक गया। हादसे के बाद चालक ने करीब 70 मीटर तक कार दौड़ाई, लेकिन चालक को एसएचओ मोबाइल वैन आती दिखाई दी तो उसने कार रोकी और मौके से भाग गया। उधर, दोनों घायल पुलिसकर्मियों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं कार के पंजीकरण नंबर के आधार पर आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी की पहचान ग्रेटर नोएडा निवासी अभिनव चौहान के रूप में हुई है।
महेंद्रगढ़ के बागौत गांव निवासी श्याम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह गुरुग्राम पुलिस विभाग में सिपाही है और सदर थाना अंतर्गत राइडर नंबर-17 पर तैनात है। 14 अक्तूबर की रात को सिपाही श्याम और एसपीओ सतीश बाइक राइडर पर ड्यूटी पर तैनात थे। देर रात करीब 1 बजे उपनिरीक्षक सुरेश कुमार व उनकी टीम द्वारा सीएनजी पंप के पास बैरिकेडिंग कर वाहनों की जांच की जा रही थी। इसके बाद राइडर पर सिपाही श्याम व एसपीओ सतीश गश्त करते हुए सायरन बताते हुए जा रहे थे। जब वे सेक्टर-33 में यदुवंशी स्कूल के पास पहुंचे तो पीछे से आ रही एक कार ने उनकी राइडर को टक्कर मार दी।
कार की टक्कर लगते ही सिपाही श्याम सड़क किनारे बनी ग्रीन बेल्ट की तरफ फुटपाथ पर जा गिरा, जबकि एसपीओ सतीश उछलकर कार के अगले शीशे पर जा गिरा। शीशे पर गिरने के बाद वह उछलकर कार के बोनट पर आधे लटका रह गया। हादसे के बाद भी चालक ने कार को रोकने की बजाय मौके से भगाने का प्रयास किया। करीब 70 मीटर दूर जाने के बाद चालक को एसएचओ मोबाइल वैन आती दिखाई दी तो उसने कार रोकी और मौके से भाग गया। हादसे के बाद पहुंची पुलिस टीम ने दोनों घायलों को सेक्टर-38 स्थित निजी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया जहां दोनों की हालत स्थिर है। पुलिस ने सदर थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 110, 125ए, 281, 324(5) के तहत एफआईआर दर्ज की है।
फरीदाबाद में भी पुलिसकर्मी को मार चुका है टक्कर
कार के पंजीकरण नंबर के आधार पर आरोपी चालक अभिनव चौहान को गिरफ्तार कर लिया गया। वह गुरुग्राम के उद्योग विहार स्थित एक निजी कंपनी में नौकरी करता है। अभिनव चौहान पर वर्ष 2018 में भी फरीदाबाद के डबुआ थाना क्षेत्र में कार से बैरिकेडिंग को टक्कर मारकर पुलिसकर्मी को घायल करने संबंधी एफआईआर दर्ज है। जांच अधिकारी सुरेंद्र ने बताया कि आरोपी कार चालक को बृहस्पतिवार को अदालत में पेश करके जेल भेज दिया है।