अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सेक्टर 46 और 51 डिवाइडिंग रोड को अतिक्रमण से मुक्त कराया। दो दिवसीय अभियान के तहत करीब 1.6 किलोमीटर क्षेत्र से अवैध अतिक्रमण हटाया गया।
जीएमडीए के डीटीपी आरएस बाठ ने प्रतर्वन टीम और करीब 20 पुलिसकर्मियों के साथ मिलकर दो जेसीबी मशीनों की सहायता से अतिक्रमण हटाया। सड़क के दोनों ओर करीब 800 मीटर तक झुग्गियां थी, जिससे यातायात संचालन और विकास कार्य प्रभावित होते थे। प्रशासन ने दो बार नोटिस जारी किया, लेकिन अतिक्रमण नहीं हटाने पर कार्रवाई करनी पड़ी।
जीएमडीए क्षेत्र में ग्रीन बेल्ट विकसित करने और सर्विस रोड बनाने की योजना पर काम कर रही है। डीटीपी आरएस बाठ ने बताया कि अभियान जीएमडीए की निरंतर इंफोर्समेंट कार्रवाई का हिस्सा है। पहले भी राजीव चौक, मेडिसिटी रोड और सेक्टर 47 में अतिक्रमण हटाया जा चुका है और भविष्य में भी कार्रवाई जारी रहेगी।
तीन अवैध काॅलोनियों में चला डीटीपीई का बुलडोजर
गुरुगाम। जिला नगर योजनाकार विभाग की प्रवर्तन शाखा ने गांव सिधरावली और बोहरा कलां के राजस्व क्षेत्र में स्थित तीन अवैध कॉलोनियों में तोड़फोड़ की। डीटीपीई अमित मधोलिया ने बताया कि गांव सिधरावली के राजस्व क्षेत्र में लगभग 2 एकड़ और 5 एकड़ की बस रहीं दो अवैध कॉलोनियों में कार्रवाई की। इनमें 17 नींव, 2 चहारदीवारी और एक निर्माणाधीन ढांचे को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया गया है। टीम ने कच्चे सड़क नेटवर्क को उखाड़ दिया गया है। गांव बोहरा कलां के राजस्व क्षेत्र में लगभग 2.5 एकड़ में बस रही अवैध कॉलोनी में तोड़फोड़ किया गया। इसमें 7 मकानों की नींव व चहारदीवारी को ध्वस्त कर दिया गया है। कच्चे सड़क नेटवर्क को उखाड़ दिया गया है। ब्यूरो