गुरुग्राम। पटौदी के हेलीमंडी में बिरयानी बेचने वाले को पीटने आए एक दर्जन से अधिक युवकों ने जब वह नहीं मिला तो उन्होंने डेयरी की दुकान चलाने वाले युवक से उसके बारे में पूछा। डेयरी वाला जब उसका पता नहीं बता सका तो आरोपियों ने उसे ही लाठी-डंडों से जमकर पीट दिया। उसकी कनपटी पर पिस्टल तान दी। पीड़ित का हेलीमंडी में अस्पताल में इलाज चल रहा है। उसने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
गांव जाटौली निवासी सचिन ने बताया कि वह हेलीमंडी में डेयरी की दुकान चलाता है। उसके पास ही संदीप बिरायानी की रेहड़ी लगाता है। रविवार रात आठ बजे एक दर्जन से अधिक अज्ञात लोग लाठी-डंडे लेकर आए। उनको दूर से ही देखकर बिरयानी वाला भाग गया। आरोपियों को जब संदीप नहीं मिला तो उन्होंने सचिन से उसका पता पूछा। सचिन जब कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका तो उन्होंने उस पर ही लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। एक आरोपी युवक ने तो सचिन की कनपटी पर पिस्टल तान दी। उसके बाद उसे अधमरा कर सभी आरोपी भाग गए। पुलिस ने सचिन की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। उनकी तलाश की जा रही है।