23 लाख रुपये से शुरू होंगे विकास कार्य
संवाद न्यूज एजेंसी
मानेसर। नगर निगम की डिप्टी मेयर रीमा चौहान ने बृहस्पतिवार को वार्ड-4 के गांव ढोरका में श्मशान घाट के जीर्णोद्धार कार्य का शुभारंभ किया। इस कार्य पर नगर निगम की ओर से करीब 23 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इस मौके पर वार्ड-4 के पार्षद रिपु शर्मा, पार्षद बालकिशन यादव और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे। डिप्टी मेयर रीमा चौहान ने कहा कि श्मशान घाट जैसी सार्वजनिक जगहें समाज के लिए बहुत जरूरी होती हैं, इसलिए इनका सही और व्यवस्थित होना आवश्यक है।
उन्होंने बताया कि नगर निगम मानेसर क्षेत्र के गांवों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रहा है। इसी बीच ढोरका गांव के श्मशान घाट के जीर्णोद्धार का निर्णय लिया गया है। इस काम के पूरा होने के बाद श्मशान घाट परिसर अधिक स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित हो जाएगा।
इस अवसर पर पार्षद रिपु शर्मा और बालकिशन यादव ने भी नगर निगम का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह काम ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही मांग थी, जो अब पूरी होने जा रही है। जीर्णोद्धार के बाद श्मशान घाट का स्वरूप बेहतर होगा और लोगों को सुविधा मिलेगी।