अतिरिक्त निगमायुक्त ने वार्ड-12 व 13 का निरीक्षण कर दिए सख्त निर्देश, तीन वाइन शॉप पर जुर्माना
05 पांच हजार का लगाया जुर्माना
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। नगर निगम गुरुग्राम क्षेत्र में फुटपाथ, सड़क, गलियों, ड्रेनेज और सीवरेज पर बनाए गए अवैध रैंप अब कार्रवाई के दायरे में होंगे। इन रैंपों के कारण पैदल चलने वालों और वाहन चालकों को असुविधा का सामना करना पड़ता है। निगम ने ऐसे सभी अवैध रैंप के विरुद्ध बड़े स्तर पर विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया है। अतिरिक्त निगमायुक्त ने वार्ड-12 व 13 का निरीक्षण कर तीन वाइन शॉप के आसपास गंदगी मिलने पर 5-5 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, अवैध रैंप जलनिकासी व्यवस्था को भी प्रभावित करते हैं। पानी की निकासी न हो पाने के कारण सड़कों और गलियों में जलभराव की स्थिति बन जाती है, जिससे सड़कों को नुकसान पहुंचता है और समय से पहले वे टूटने लगती हैं। इससे निगम को बार-बार मरम्मत पर अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ता है। इसके अतिरिक्त लोगों द्वारा पीने के पानी से वाहनों की धुलाई की जाती है, जो की नियमों का उल्लंघन है। इससे पेयजल की बर्बादी होने के साथ ही सड़कों को भी नुकसान होता है। निगम इस प्रकार की गतिविधियों की भी निगरानी कर रहा है और ऐसा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
शनिवार को अतिरिक्त निगमायुक्त यश जालुका ने वार्ड-12 व 13 का अधिकारियों की टीम के साथ निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सीवरेज लाइन, ड्रेनेज, फुटपाथ, सड़कों और सफाई व्यवस्था का जायजा लिया व संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण या अवैध निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान सफाई व्यवस्था की स्थिति का आकलन करते हुए अतिरिक्त निगमायुक्त ने पाया कि कई वाइन शॉप के आसपास कचरा फैला हुआ है। वाइन शॉप मालिकों द्वारा साफ-सफाई पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है और अधिकांश दुकानों के पास डस्टबिन की व्यवस्था नहीं है, जिसके कारण आसपास का क्षेत्र गंदा रहता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपने प्रतिष्ठान के आसपास स्वच्छता बनाए रखना संबंधित शॉप मालिकों की जिम्मेदारी है।
-
शहर को स्वच्छ, सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए नगर निगम लगातार कार्रवाई कर रहा है। आम नागरिकों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से भी अपील की गई है कि वे निगम के साथ सहयोग करें, सार्वजनिक स्थलों पर अवैध निर्माण न करें और स्वच्छता बनाए रखने में जिम्मेदारी निभाएं। -यश जालुका, अतिरिक्त निगमायुक्त