अवैध विज्ञापन लगाने वालों पर निगम ने एक करोड़ रुपये का जुर्माना भी लगाया
संवाद न्यूज एजेंसी
मानेसर। नगर निगम मानेसर ने शहर में लगे गैर-कानूनी विज्ञापन बोर्डों (यूनिपोल) के खिलाफ कार्रवाई की। बुधवार को 25 यूनिपोल को हटाकर जब्त किया गया। इन अवैध विज्ञापन लगाने वालों पर निगम ने एक करोड़ रुपये का जुर्माना भी लगाया। निगम आयुक्त प्रदीप सिंह ने खुद जाकर इस कार्रवाई का नेतृत्व किया।
आयुक्त प्रदीप सिंह ने कहा कि अवैध यूनिपोल्स की वजह से शहर की सुंदरता खराब हो रही थी और निगम को हर महीने लाखों रुपये का नुकसान हो रहा था। इन सभी यूनिपोल संचालकों पर एक करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया है। यदि जुर्माना नहीं भरा गया तो हरियाणा म्युनिसिपल एक्ट के तहत कानूनी कार्रवाई होगी। आयुक्त ने कहा कि निगम क्षेत्र में अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और निगम की टीम ऐसे अभियान लगातार चलाती रहेगी।
निगम ने नोटिस जारी कर एक करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया है। 15 दिनों के भीतर जुर्माना राशि का भुगतान करने के आदेश दिए गए हैं। भुगतान न करने पर इनके खिलाफ मुकदमा और आपराधिक कार्रवाई की जाएगी। यूनीपोल को जब्त कर लिया गया है। उन्हें नीलाम किया जाएगा। निगम की टीम ने सेक्टर-82, सती चौक, नौरंगपुर रोड़, मानेसर, एनएच-48 व आसपास के इलाकों से यूनिपोल को हटाया है। इस दौरान संयुक्त आयुक्त हितेंद्र कुमार, संयुक्त आयुक्त लोकेश यादव सहित निगम की विज्ञापन शाखा के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।