12 बल्क वेस्ट जनरेटर को भी जारी किए गए नोटिस
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। नगर निगम ने गंदगी फैलाने और कचरे व मलबे की अवैध डंपिंग करने वालों पर शुक्रवार को सख्त कार्रवाई की है। निगम ने 93 लोगों पर कार्रवाई करते हुए कुल 2.30 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। अवैध रूप से मलबा व कचरा डंप करने वाले नौ वाहनों को जब्त किया। साथ ही ठोस कचरा प्रबंधन नियम-2016 का उल्लंघन करने पर 12 बल्क वेस्ट जनरेटर को नोटिस जारी किए गए हैं।
नियम के तहत बल्क वेस्ट जनरेटर को अपने कचरे को गीले, सूखे व घरेलू हानिकारक श्रेणी में अलग-अलग करके उसका प्रबंधन करना अनिवार्य है। गीले कचरे से अपने परिसर के भीतर ही खाद तैयार करके उसका उपयोग हरियाली बढ़ाने और सूखे व घरेलू हानिकारक कचरे का निस्तारण करना होगा। नगर निगम के 68 सहायक सफाई निरीक्षकों के अलावा सेनिटेशन सिक्योरिटी फोर्स एवं बीडब्ल्यूजी मॉनिटरिंग सेल की टीमें लगातार विभिन्न वार्डों, बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और निर्माण स्थलों का दौरा कर रही हैं। नगर निगम आयुक्त प्रदीप दहिया ने लोगों से अपील की है कि सड़क, नाले-नालियों या सार्वजनिक स्थलों पर कचरा फेंकने से बचें।