अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। नगर निगम की प्रवर्तन टीम ने गांव धूमसपुर में अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई करते हुए एनकेवी कॉलोनी से सटी अवैध बाउंड्रीवॉल को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई ग्रामीणों की शिकायत के आधार पर की गई।
बुधवार को यह कार्रवाई निगम के जोन-1 क्षेत्र की एनफोर्समेंट टीम ने सहायक अभियंता आरके मोंगिया व कनिष्ठ अभियंता वरुण वशिष्ठ एवं सुमित चहल की मौजूदगी में की गई। मौके पर कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पुलिस बल की सहायता ली गई। गांव धूमसपुर के निवासियों ने निगम को शिकायत दी थी कि एनकेवी कॉलोनी से सटे क्षेत्र में अवैध रूप से बनाई गई बाउंड्री वॉल के कारण आवागमन में दिक्कत आ रही हैं और सार्वजनिक मार्ग अवरुद्ध हो रहा है। शिकायत के आधार पर जांच-पड़ताल की गई व नगर निगम आयुक्त प्रदीप दहिया की मंजूरी के बाद टीम ने अभियान चलाकर बाउंड्री वॉल को ध्वस्त कर दिया।
निगम के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों या रास्तों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सहायक अभियंता आरके मोंगिया ने बताया कि यह अभियान शहर को अतिक्रमण मुक्त और व्यवस्थित बनाने की दिशा में एक और ठोस कदम है।