सेक्टर-14 और सीडी चौक पर एफओबी का काम बंद होने से लोग परेशान
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। शहर में पैदल यात्रियों की सुविधा के लिए बनाए जा रहे फुटओवर ब्रिज (एफओबी) का निर्माण कार्य धीमी रफ्तार से चल रहा है। सेक्टर-14 और सीडी चौक एफओबी का काम लंबे समय से रुका हुआ है। ऐसे में सड़क पार करने में लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा भी बना हुआ है।
गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण ने ओल्ड दिल्ली रोड पर सेक्टर 14, गुरुग्राम-सोहना हाईवे पर सीडी चौक, रहेजा मॉल और शीतला माता रोड पर मंदिर के पास एफओबी निर्माण की योजना बनाई थी। जीएमडीए ने दिसंबर 2024 को करीब 16 करोड़ रुपये की लागत से धारीवाल बिल्डटैक को एफओबी बनाने का ठेका दिया था। तय शर्तों के अनुसार कंपनी को 18 महीने में (21 जून 2026) तक निर्माण कार्य पूरा करना है। कंपनी ने सेक्टर 14 और सीडी चौक एफओबी का फाउंडेशन कार्य किया है, इसके बाद अब काम बंद पड़ा हुआ है।
जीएमडीए की प्रवक्ता का कहना है कि कार्य में देरी के लिए एजेंसी पर पहले ही जुर्माना लगाया जा चुका है। एजेंसी को जमीनी स्तर पर काम में तेजी लाने का निर्देश दिया गया है। जून 2026 तक कार्य पूरा करने का लक्ष्य है।
-
जीएमडीए विकास कार्यों को कराने में नाकाम
जीएमडीए तय समय पर विकास कार्यों को पूरा करने में नाकाम साबित हो रहा है। शहर में फुटओवर ब्रिज का निर्माण तेजी से शुरू हुआ था, लेकिन अब धीमी रफ्तार के कारण यह लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गया है। - निशित कटारिया, प्रदेश अध्यक्ष, युवा कांग्रेस
प्रदेश सरकार गुरुग्राम के विकास को लेकर पूरी तरह गंभीर है। सड़क, सीवर और पानी से जुड़े कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। एफओबी का निर्माण भी जल्द पूरा कराया जाएगा। एसपीआर समेत अन्य बड़े प्रोजेक्ट पर तेजी से काम चल रहा है। - किशन कुमार, जिला प्रधान, बीजेपी ओबीसी मोर्चा