सेक्टर-37डी समेत कई सेक्टरों की द्वारका एक्सप्रेसवे से कनेक्टिविटी बेहतर होगी
निर्माण में रेलवे और जीएमडीए 50-50 फीसदी हिस्सा देंगे, 59 करोड़ खर्च अनुमानित
मनोज धर द्विवेदी
गुरुग्राम। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) शहर में कनेक्टिविटी बेहतर करने के लिए सेक्टर-37डी रेलवे क्रॉसिंग नंबर-29 पर रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) बनवाने जा रहा है। निर्माण का 50-50 फीसदी खर्च रेलवे और जीएमडीए वहन करेगा। इस पर करीब 59 करोड़ रुपये खर्च आने का अनुमान है। इसके बनने से सेक्टर-37डी से द्वारका एक्सप्रेसवे पर जाना आसान हो जाएगा।
जीएमडीए ने रेलवे क्रॉसिंग नंबर-29 पर आरओबी निर्माण पर काम कर रहा है। कंसल्टेंट ने आरओबी निर्माण के लिए यातायात पैटर्न, वाहन घनत्व और अन्य रिपोर्ट जीएमडीए को पिछले साल सौंप दिया था। हालांकि, रेलवे क्रॉसिंग 29 के पास द्वारका एक्सप्रेसवे की ओर जीएमडीए का बसई वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के पानी स्टोरेज टैंक बने हैं। दूसरी ओर निगम की जमीन है। जमीन संबंधी दिक्कत को देखते हुए यह योजना बीच में फाइलों में दब गई थी। जीएमडीए के नए सीईओ पीसी मीणा अब परियोजनाओं को आगे बढ़ाने पर जोर दे रहे हैं। ऐसे में इसके लिए दोबारा से काम आगे बढ़ाया जा रहा है।
दूसरी ओर रेलवे विभाग ने जीएमडीए को पत्र लिखकर बताया कि क्रॉसिंग नंबर 29 के आरओबी निर्माण में लागत का 50 फीसदी देगा। जीएमडीए व रेलवे निर्माण लागत में 50: 50 फीसदी वहन करेंगे। जगह के अनुसार आरओबी दो लेन की होगा।
आरओबी निर्माण को लेकर कदम उठाए जा रहे हैं। पुराने गुरुग्राम और द्वारका एक्सप्रेसवे के साथ प्रमुख क्षेत्रों को जोड़ने के लिए यह प्रमुख है। इससे पहले, बसई चौक पर फ्लाईओवर का निर्माण कराया गया था। फ्लाईओवर से दिल्ली, झज्जर और रोहतक की ओर जाने वाले वाहन चालकों को राहत मिल रही है। -अभिनव वर्मा, कार्यकारी अभियंता, जीएमडीए
कई सेक्टरों के लोगों को मिलेगी राहत
पहले इसे गढ़ी हरसरु-बसई रोड के रेलवे क्रॉसिंग से जाना जाता था। बसई गांव के राजस्व में कई सेक्टर विकसित होने से यह रेलवे क्रॉसिंग सेक्टर 37डी में आता है। रेलवे क्रॉसिंग के सेक्टर-37डी में जीएमडीए की मास्टर रोड है जोकि सेक्टर-37 सी से होते हुए द्वारका एक्सप्रेसवे और एनएच-48 को जोड़ने वाली रोड से मिलती है। दूसरी बसई गांव की मेन सड़क में मिलती है।
रेलवे गेट बंद होने से परेशानी
गुरुग्राम-रेवाड़ी रेल मार्ग काफी व्यस्त रूट है। रेलवे फाटक बंद होने से काफी देर वाहन चालकों को रुकना पड़ता है। सेक्टर-37 डी के रेलवे क्रॉसिंग से लोगों को परेशानी होती है। द्वारका एक्सप्रेसवे के कारण इस रोड पर भी वाहनों का काफी दबाव रहता है।
-
आरओबी नहीं होने से रोज उठान पड़ रही परेशानी
आरओबी नहीं होने से रोज परेशानी उठानी पड़ती है। जीएमडीए को इसे जल्द बनवाना चाहिए। यह कई सेक्टरों के लोगों के यह महत्वपूर्ण है। - सतबीर सिंह, सेक्टर 37सी
रेल संचालन के कारण अक्सर रेलवे फाटक बंद रहता है। लोगों को द्वारका एक्सप्रेसवे पर आने-जाने में परेशानी होती है। कुछ हिस्से की सड़क को ठीक कराया जाए। - निशित गर्ग, आईएलडी ग्रीन सेक्टर 37