गुरुग्राम। शिक्षा विभाग ने राज्य के सरकारी स्कूलों में काम कर रहे कंप्यूटर शिक्षकों और कंप्यूटर लैब अटेंडेंट्स का विवरण एकत्र करने का निर्देश दिया है। माध्यमिक शिक्षा निदेशालय ने जिला शिक्षा अधिकारियों और स्कूल प्रधानों को पत्र भेजकर कहा है कि वे तय समय सीमा के भीतर यह डाटा एमआईएस (वन स्कूल) पोर्टल पर अपडेट करें।
अधिकारियों को यह सुनिश्चित करना होगा कि डाटा पूरी तरह सही हो। कई सरकारी स्कूलों में कंप्यूटर लैब मौजूद हैं, लेकिन हर स्कूल में नियमित कंप्यूटर शिक्षक नहीं हैं। विभाग का यह कदम भविष्य में स्कूलों में कंप्यूटर शिक्षकों की नियुक्ति और संसाधनों के बेहतर प्रबंधन की संभावना बढ़ाएगा।
विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि केवल उन्हीं कर्मचारियों का विवरण दर्ज किया जाए, जिनका वेतन संबंधित स्कूल से मिलता है। सटीक डाटा मिलने से विद्यार्थियों को कंप्यूटर शिक्षा का लाभ अधिक प्रभावी ढंग से मिल सकेगा।