15 मिनट की बारिश से सोहना-गुरुग्राम एलिवेटेड रोड के नीचे पानी का ऐसा सैलाब
संवाद न्यूज एजेंसी
बादशाहपुर। शहर में हल्की बारिश ने निवासियों के लिए भारी आफत खड़ी कर दी। महज 15 मिनट की बारिश ने करोड़ों के इंफ्रास्ट्रक्चर के दावों की पोल खोल दी। राष्ट्रीय राजमार्ग-248ए पर स्थित सोहना-गुरुग्राम एलिवेटेड रोड के नीचे पानी का ऐसा सैलाब आया कि देखकर लगा जैसे कोई मूसलाधार बारिश हुई हो।
जलभराव के कारण यातायात धीमा हो गया और गाड़ियां रेंग-रेंग कर चलती नजर आईं। सड़क पर दोनों ओर पानी भर गया। बादशाहपुर निवासी राजेश यादव का कहना है सरकार ने करोड़ों रुपये खर्च करके यह चमचमाता एलिवेटेड रोड तो बना दिया लेकिन इसके नीचे पानी निकासी का कोई इंतजाम ही नहीं किया। सिर्फ 10-20 मिनट की बरसात ने पूरे इलाके में तहलका मचा दिया है। सड़क के दोनों तरफ आवासीय कॉलोनी हैं जहां से लोगों को निकलने में परेशानी हो रही है।
जमीन पर व्यवस्था बिल्कुल सस्ती और लचर है। एरिया मॉल के सामने सड़क पर इतना पानी जमा हो गया कि गाड़ियां डूबने लगीं। जब हल्की-सी बौछार में यह हाल है तो आने वाले मानसून की भारी बारिश में क्या होगा। वहीं, अक्कू का कहना है कि सड़क पर पानी भरे होने के कारण गाड़ियों को एक ही लाइन से रेंगकर निकलना पड़ रहा है। प्रशासन को मानसून का इंतजार किए बिना तुरंत यहां पर ड्रेनेज सिस्टम ठीक करना चाहिए नहीं तो आने वाले दिनों में यहां बड़ा हादसा या कई किलोमीटर लंबा जाम लगने की आशंका है।