मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की टीम ने छापेमारी कर फर्जी डॉक्टर का किया भंडाफोड़
- मौके से अंग्रेजी दवाइयां व मेडिकल उपकरण भी बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की टीम ने शुक्रवार को सेक्टर-37 थाना क्षेत्र की हरिनगर कालोनी में झोलाछाप डॉक्टर द्वारा चलाई जा रहे क्लीनिक का भंडाफोड़ किया है। आरोपी डॉक्टर के खिलाफ सेक्टर-37 थाना में 125 बीएनएस व 34 मेडिकल काउंसिल एक्ट 2019 के तहत केस दर्ज कर गिरफ्तार किया है। आरोपी के क्लीनिक से टीम ने भारी मात्रा में अंग्रेजी दवाइयां व मेडिकल उपकरण भी बरामद किए हैं।
मुख्यमंत्री उड़नदस्ते के डीएसपी देवेन्द्र के अनुसार हरिनगर क्षेत्र में शिफा क्लीनिक के नाम से अवैध क्लीनिक चलाने को लेकर सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने छापेमारी की तो डॉक्टर मोहम्मद दानिश उर्फ एमडी खान द्वारा शिफा क्लीनिक के नाम से अवैध क्लीनिक चलाकर लोगों का इलाज कर उनके जीवन के साथ खिलवाड़ किया जा रहा था।
इस बारे में मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की टीम ने सिविल सर्जन गुरुग्राम के कार्यालय से डॉक्टर राजेश जिन्दल के साथ संयुक्त टीम गठित कर क्लीनिक के पर छापेमारी की। इस क्लीनिक की जांच करने पर क्लीनिक में मौजूद झोलाछाप डॉक्टर मोहम्मद दानिश से डॉक्टर होने व क्लीनिक चलाते हुए पाया गया। जब उससे लोगों का इलाज करने बारे डॉक्टरी डिग्री व डॉक्टरी दस्तावेज पेश करने के लिए कहा गया, तो आरोपी दानिश कोई डिग्री आदि पेश नहीं कर सका।
यही नहीं टीम ने कथित डॉक्टर की मेज डॉक्टरी उपकरण, काफी मात्रा में अंग्रेजी दवाइयां व लैब रिपोर्ट आदि बरामद की। मोहम्मद दानिश उर्फ एमडी खान द्वारा बिना वैध डिग्री व बिना वैध दस्तावेज के क्लीनिक चलाकर लोगों के जीवन के साथ खिलवाड़ को लेकर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
................
मयंक