जीएमडीए के सीईओ श्यामल मिश्रा ने की समीक्षा बैठक
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) के सीईओ श्यामल मिश्रा ने सोमवार को सभी विंग के प्रमुखों के साथ विकास कार्याें की समीक्षा बैठक की। उन्होंने सड़क निर्माण व मरम्मत कार्य की प्रगति रिपोर्ट पर नाराजगी जाहिर की।
सेक्टर 44 स्थित जीएमडीए मुख्यालय पर हुई बैठक में सीईओ ने इंफ्रा-एक व दो, मोबिलिटी समेत अन्य शाखाओं के अधिकारियों के साथ साप्ताहिक समीक्षा बैठक की। सीईओ ने जीएमडीए की ओर से कराए जा रहे सड़क संबंधी कार्यों की जानकारी ली। इसमें उन्होंने नए और पुराने शहर में जीएमडीए के सड़क कार्याें को लेकर मुख्य अभियंता से रिपोर्ट ली।
सूत्रों के अनुसार अधिकारी ने न्यू गुरुग्राम में बन रही सड़कों की रिपोर्ट पेश की। अभी कई सड़कों पर काम शुरू नहीं होने पर सीईओ ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि मानसून सिर पर है और अभी सड़कों को गड्ढा मुक्त करने की योजना सिरे नहीं चढ़ सकी है। सीईओ ने सड़कों को ठीक कराने को लेकर नाराजगी जाहिर करते हुए ठेकेदार पर भी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जीएमडीए ने कई सड़कों को ठीक कराने का ठेका दिया हुआ है लेकिन कार्य की गति धीमी है। ऐसे में हजारों लोगों को रोज परेशानी उठानी पड़ रही है। सूत्रों के अनुसार सीईओ के बार-बार हिदायत के बाद भी सड़क संंबंधी कार्य पटरी पर नहीं आ रहा है।
सीईओ ने शहर में पेयजल परियोजनाओं की भी जानकारी ली। उन्होंने चंदू बुढ़ेरा में 100 एमएलडी संयंत्र, सेक्टर-72 बूस्टिंग स्टेशन और शहर में पानी सप्लाई को बेहतर करने को जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। इसके अलावा सीवर संबंधी परियाना, एफओबी, बस डिपो, बस क्यू शेल्टर और ट्रैफिक लाइट लगाने समेत अन्य विकास कार्याें की समीक्षा की। उन्होंने सभी अधिकारियों से कहा कि विकास कार्याें को तय समय में पूरा करें ताकि लोगों को इसका लाभ मिल सके।